मोहाली। सेहत विभाग और बलौंगी थाना पुलिस की ज्वाइंट टीम ने गत शुक्रवार को पहले अंतर्राज्यीय मिलावटी पनीर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर 6 क्विंटल 80 किलो मिलावटी पनीर समेत दो लोगों को दबोचा था। इस पनीर के जो सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, उनकी लैब से रविवार को रिपोर्ट आ गई। जिसमें इस पनीर के सैंपल फेल हो गए हैं। इससे साफ हो गया है कि उक्त पनीर मिलावटी था। बलौंगी थाने के एसएचओ राजपाल सिंह ने बताया कि इस मामले में पकड़े गए दो आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने तीन और लोगों को नामजद किया है। इनकी पहचान साहिल, संजीव और राम मेहर निवासी कैथल के रूप में हुई है। इनमें एक पनीर बनाने वाली कंपनी का मालिक है। पुलिस के मुताबिक इन आरोपियों के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी और फूड सेफ्टी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज हैं। पुलिस अभी इस मामले की पड़ताल कर रही है।
जानकारी के मुुताबिक सेहत विभाग और बलौंगी पुलिस की टीम ने शुक्रवार को एक अंतर्राज्यीय मिलावटी पनीर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया था। पुलिस ने इस गिरोह के दो आरोपियों प्रवीन कुमार निवासी गांव सजूूमां थाना कलैत जिला कैथल और अंकुश निवासी शेरूखेड़ी थाना तीतराम जिला कैथल को काबू किया था। इस दौरान पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि वह हरियाणा के कैथल की एक डेयरी से पनीर लाकर यहां बेचते थे। इसके बाद तीन और लोगों को नामजद किया गया था। इस दौरान पता चला था कि साहिल पहले ही गिरफ्तार किए गए आरोपी अंकुश का भाई है। वहीं, यह सभी आरोपी रिश्तेदार हैं। सूत्रों से पता चला है कि वह काफी समय से इस कारोबार में लगे हुए हैं। एक बार पहले भी इनके खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
कोरोना काल में शुरू किया था काम
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि उन्होंने यह मिलावटी पनीर का कारोबार कोरोना काल में शुरू किया था। करीब 6-7 महीने से वह पनीर लेकर यहां आ रहे थे। साथ ही मोहाली के बलौंगी इलाके और आसपास में सप्लाई करते थे। पुलिस अब उनके लोकल नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है। जिससे इस मामले की तह तक पहुंचा जा सके। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि किसी भी कीमत पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ नहीं किया जाएगा।