मोहाली। शहर के बाजारों में अब शाम होते ही अंधेरा नहीं छाएगा। निगम ने बाजारों में बड़े महानगरों की तर्ज पर सात करोड़ रुपये से फैंसी लाइट्स लगाने का काम शुरू किया है। पहले चरण में फेज-3बी2 और फेज-सात में लाइट्स लगाई गई हैं। इससे जहां बाजार सुंदर दिखेंगे। वहीं अंधेरा खत्म होने से चोरी की वारदातों में भी कमी आएगी। बाजारों के सौंदर्यीकरण के प्रोजेक्ट में नगर निगम नोडल एजेंसी के रूप में काम कर रहा है।
फेज-1 से लेकर फेज-11 तक के सभी बाजारों की सूरत बदलने की तैयारी की गई है। जहां पर टाइल्स, फैंसी लाइट्स व ग्रिल लगवाने की योजना है। टाइल्स लगने के बाद अब लाइट्स लगाने का काम शुरू हुआ है। मेयर अमरजीत सिंह सिद्धू ने बताया कि यह सारा काम बाजारों की एसोसिएशन की मांग पर किया जा रहा है। बाजारों में शोरूम के आगे जो पार्किंग से पहले फैंसी ग्रिल लगी हुई है, उसके बिल्कुल साथ पार्किंग एरिया में यह लाइट लगाई जा रही है। हर 10 मीटर की दूरी पर लाइट लगाए जाने के लिए बेस तैयार कर दिया गया है। इसके साथ ही बाजारों के साथ लगी ग्रीन बेल्ट में बेंच लगाए जा रहे हैं, ताकि वहां आने वाले लोग को बैठने आदि की आसानी रहे।
जल्दी ही तीन प्रमुख बाजारों में लगेंगे कैमरे
शहर के प्रमुख तीन बाजारों फेज-पांच में आईटीआई के पास, फेज-3बी2 का बाजार और फेज-7 का बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी नगर निगम ने तैयारी की है। यह प्रोजेक्ट केंद्र सरकार के सहयोग से चलेगा। इसके लिए सारी रणनीति तैयार कर ली गई है। पुलिस ने बाजारों की निशानदेही कर ली है। अब आगे की कार्रवाई की जानी है।