मोहाली। अब खरड़, कुराली और डेराबस्सी के साथ लगते इलाकों में रहने वाले युवाओं को विभिन्न प्रकार की खेलों के गुर सीखने के लिए मोहाली या चंडीगढ़ की तरफ रुख नहीं करना पड़ेगा। बल्कि अब सरकार की ओर से उनके इलाके में ही स्टेडियम बनाए जाएंगे। यहां पर युवा अपनी पसंद की खेलों की की तैयारी कर पाएंगे और इसके साथ ही अपने आपको तंदुरूस्त रख पाएंगे।
इसी प्रोजेक्ट के पहले चरण में मोहाली जिले को तीन खेल स्टेडियम की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिह ने प्रोजेक्ट की शुरुआत की है। उम्मीद है कि आने वाले समय यह स्टेडियम युवाओं को समर्पित कर दिए जाएंगे।
मिली जानकारी के मुताबिक उक्त प्रोजेक्ट के पहले चरण में प्रति ब्लॉक एक स्टेडियम बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में खरड़ के गांव दाऊं माजरा, माजरी के बरसालपुर टपरिया और डेराबस्सी के ब्लॉक में चडियाला का खेल मैदान बनेगा, दाऊं माजरा में एक एकड़ जमीन में स्टेडियम बनेगा और इस पर 12 लाख रुपये की लागत आएगी। जबकि बरसालपुर टपरिया में 37 लाख से दो एकड़ जमीन में स्टेडियम बनेगा और चडियाला में 50 लाख की लागत से चार एकड़ रकबे में खेल का मैदान विकसित किया जाएगा। इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और जल्दी ही इस दिशा में काम शुरू हो जाएगा।
इन गेम्स को खेलने की मिलेगी सुविधा
मिली जानकारी के मुताबिक यह खेल मैदान युवाओं को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं। इस दौरान कबड्डी, हॉकी, फुटबाल और क्रिकेट के अलावा ओपन जिम में चार सौ मीटर दौड़ का ट्रैक भी शामिल है। यहां हरे-भरे सुहावने वातावरण के लिए पौधे लगाए जाएंगे। सेहत मंत्री एवं मोहाली के विधायक बलबीर सिंह सिद्घू ने बताया कि इसके बाद युवाओं में नशे की चपेट से बाहर आएंगे। वहीं, युवा पुलिस व फौज की भरती में आसानी से हो पाएंगे।
105 करोड़ की लागत से चलेगा प्रोजेक्ट
सेहत मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार की तरफ से राज्य में नौजवानों की ऊर्जा को सुचारू और बढ़िया तरीके से इस्तेमाल करने के लिए यह सभी प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में 105 करोड़ की लागत से 750 खेल स्टेडियम और खेल मैदानों का निर्माण किया जा रहा है। इससे इलाके के युवाओं को फायदा मिलेगा। जितना समय युवा चंडीगढ़ आने-जाने में व्यर्थ गंवा देते हैं उतना समय वह खेलों का अभ्यास कर पाएंगे।