डेराबस्सी के गांव त्रिवेदी कैंप निवासी 11वीं क्लास के एक छात्र ने पढ़ाई में नंबर कम आने पर ट्रेन के नीचे आकर आत्महत्या कर ली। मृतक का शव शुक्रवार को रेलवे लाइन पर मिला है। मृतक की पहचान आदित्या (19) पुत्र रामबीर निवासी गांव सुबरी सहारनपुर (यूपी) हाल निवासी गांव त्रिवेदी कैंप के रूप में हुई है। वह मुबारिकपुर रोड पर स्थित डीएवी स्कूल में पढ़ता था।
जानकारी देते घग्गर रेलवे पुलिस के इंचार्ज एएसआई रजिंद्र सिंह ढिल्लों ने बताया कि आज सुबह करीब छह बजे अंबाला-कालका रेलवे लाइन के बीच एक लाश पड़ी होने की सूचना मिली। मौके पर जाकर जांच की तो शव एक नौजवान का था। उसकी जेब में से मिले मोबाइल पर घंटी बज रही थी पर फोन बुरी तरह टूट जाने के कारण उठाया नहीं जा सका। इसके बाद उन्होंने उस नंबर पर खुद फोने करके बात की तो पता चला कि वह वीरवार रात से घर से गायब था।
मृतक के पिता ने बताया कि उनके लड़के के बीते दिनों हुई परीक्षा में नंबर कम आए थे जिस कारण वह परेशान चल रहा था। इसके चलते उसने यह कदम उठाया है। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं बरामद हुआ है। मृतक तीन बहन-भाइयों में सबसे छोटा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद लाश वारिसों को दे दी।