पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) की ओर से कोरोना वायरस के चलते 5वीं, 10वी, और 12वीं कक्षा की जो परीक्षाएं कैंसिल कर दी गई थीं, अब बोर्ड की ओर से उन विषय की परीक्षाओं को अप्रैल में ही करवाया जाएगा। बोर्ड की ओर से शुक्रवार को नई डेट शीट जारी कर दी है। नई डेट शीट हासिल करने में विद्यार्थियों को कोई दिक्कत न आए, इसलिए बोर्ड ने नई डेट शीट अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। जहां से कोई भी विद्यार्थी डेट शीट का प्रिंट ले सकता है।
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के मोहाली स्थित मुख्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक कक्षा 5वीं, 10वीं, और 12वीं की डेटशीट में बदलाव किया गया है। इसमें 5वीं की परीक्षा अब 1 से 3 अप्रैल तक होगी। 10वीं कक्षा की परीक्षा 3 से 23 अप्रैल और 12वीं कक्षा की परीक्षा 3 से 13 अप्रैल तक होंगी। यह सभी परीक्षाएं पहले से निर्धारित किए गए परीक्षा केंद्रों में ही होंगी। वहीं, इन विषयों की प्रेक्टिकल परीक्षाओं का शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा और परीक्षा शिफ्टों में होगी।
परीक्षा संबंधी अधिक जानकारी बोर्ड की वेबसाइट से हासिल की जा सकती है। बता दें कि पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने अब सीबीएसई की पैटर्न पर काम करना शुरू कर दिया है। 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं की परीक्षाओं में हर साल 7 लाख स्टूडेंट्स अपीयर होते हैं। इतना ही नहीं बोर्ड की ओर से रिजल्ट भी सीबीएसई से पहले निकालने की कोशिश की जाती है। पिछले साल तो सभी बोर्डों से पहले रिजल्ट निकाला गया था। इसके अलावा पास फार्मूले को लेकर भी कुछ बदलाव किए थे।