लोहगढ़ क्षेत्र से एक ही रात में पांच कारें चोरी, एक मारूति बिना टायरों के खड़ी मिली
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। शहर के लोहगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक साथ पांच कारें और एक मोटरसाइकिल चोरी होने से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। चोरों के हौंसले इतने बुलंद हैं कि एक साथ इतने वाहनों को निशाना बनाया गया है। फिलहाल इनमें से केवल दो ही कार मालिकों ने ही थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। मोटरसाइकिल का मालिक अभी शहर से बाहर है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात करीब साढ़े तीन बजे से चार बजे के बीच चोरी की वारदातों को अंजाम दिया गया है। पहली वारदात तीन बजकर 20 मिनट की है। लोहगढ़ के मकान नंबर 245 नजदीक गुरद्वारा साहिब निवासी अमनदीप सिंह ने बताया कि उनकी होंडा सिटी कार घर के बाहर खड़ी थी। जैसे ही किसी चोर ने कार स्टार्ट की तो मेरे पिता ने आवाज सुनी और मुझे उठाया जैसे ही हम बाहर गेट का दरवाजा खोलकर बाहर निकले तो चोर कार लेकर फरार हो गए थे। इसके तुरंत बाद हमने पुलिस हेल्पलाइन पर कॉल कर दी थी।
दूसरी कार भी कुछ कदमों की दूरी पर घर के बाहर से चोरी की गई। जिसे चोर ले गए और पटियाला रोड पर स्थित नाभा साहिब गांव के बाहर बने खाली ग्राउंड में खड़ी करके उसके चारों टायर निकालकर ले गए। कार मालिक मनदीप सिंह निवासी लोहगढ़ ने बताया कि उसकी मारूति कार घर के बाहर खड़ी थी। जो नाभा साहिब के गांव के बाहर खड़ी मिली है। उसके चारों टायर, एक डिक्की में पड़ा अलॉय टायर, 16 हजार का म्यूजिक सिस्टम और पांच हजार कीमत की नई बैटरी कार से निकाल कर ईंटों पर खड़ी करके चले गए हैं।
वहीं उन्होंने बताया की पार्क के नजदीक से भी दो कारें चोरी हुई हैं। जिनके मालिक घर पर न होने के कारण वह अभी थाने में शिकायत दर्ज नहीं करवाने गए हैं। एक साथ इतने वाहनों की चोरी पुलिस की चौकसी पर सवालिया निशान खड़ा कर देती है। जीरकपुर पुलिस शिकायत के बाद चोरों को पकड़ने में जुट गई है और जल्द ही गाड़ियां रिकवर करने की बात कही जा रही है।