दुकानदारों को बिना नोटिस दिए खादी भंडार की जमीन 99 साल की लीज पर दी
दो दर्जन दुकानदारों पर मंडरा रहा उजड़ने का खतरा, बोले- खादी उद्योग भंडार ने टेंडर से पहले नहीं दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
लांडरां/बनूड़। भारत सरकार की संस्था खादी उद्योग भंडार की ओर से किराए पर ली गई दुकानों के दुकानदारों को जमीन बिना किसी नोटिस के 99 साल के लिए लीज पर दे दी गई है। जिससे चार दर्जन दुकानदारों पर उजड़ने का खतरा मंडरा रह है। पीड़ित दुकानदार मनदीप सिंह बिल्ला, काला राम, दर्शन सिंह, अरुण कुमार, जतिंदर सिंह, जगतार सिंह, हैप्पी कटारिया, रिंकू सलेमपुरी, जसवंत सिंह आदि सहित दो दर्जन दुकानदारों ने कहा कि बनूड़ खादी भंडार की दो दर्जन दुकानों सहित करीब चार बीघा जमीन खाली पड़ी है। इसक संचालन ग्राम उद्योग अखिल संघ डेराबस्सी कर रहा है। प्रभावित दुकानदारों ने बताया कि करीब 20-22 साल पहले संघ से 40-45 दुकानों की जगह किराए पर लेकर अपना धंधा चला रहे थे, जिसका किराया वह समय से चुकाते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यूनियन को किराया देने के बावजूद 2016 में नगर परिषद द्वारा उन्हें नोटिस जारी किया गया कि जमीन परिषद की है और इन दुकानों का किराया व संपत्ति कर का भुगतान किया जाए। इसकी सूचना उन्होंने संघ के पदाधिकारियों को लिखित में दी लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। नतीजतन, उन्हें किराए और कर के रूप में एक लाख पांच सौ रुपए नगर परिषद में जमा करने पड़े।
स्थानीय नेताओं और विधायक का दबाव
उन्होंने कहा कि वह अपनी दुकान बचाने और परिवार पालने के लिए दो जगहों पर किराया दे रहे हैं, लेकिन पिछले दिनों सत्ता पक्ष के कुछ स्थानीय नेताओं और एक विधायक के करीबी ने दुकानों की मिन्नत करनी शुरू कर दी और दुकानदारों को दुकान खाली करने के लिए कहने लगा। प्रभावित दुकानदारों ने बताया कि खादी भंडार से उनका करार बकाया है और उनके पास परिषद में टैक्स और किराया जमा करने की रसीदें है। पीड़ितों ने कहा कि डेराबस्सी में जब हम संघ सचिव करनैल सिंह से मिले, तो उन्होंने बताया कि जमीन लीज पर दी जा रही है और वह खुद टेंडर भर सकते है। उन्होंने कहा कि उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया। क्योंकि 17 जनवरी को दो टेंडर मिले थे, इसलिए एक को अवार्ड कर दिया गया है। ‘कुछ लोग दुकानदारों को निकालकर जगह हड़पना चाहते है’ आक्रोशित दुकानदारों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि कुछ स्थानीय सत्ताधारी दुकानदारों को निकालकर जगह हड़पना चाहते है, लेकिन वह इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस मौके पर नगर विकास मंडल अध्यक्ष करणवीर शेंटी थम्मन, समाजसेवी जोरा सिंह बनूड़, मजदूर नेता मास्टर नरिंदर सिंह ने दुकानदारों का समर्थन करते हुए उनके साथ खड़े होने का वादा किया। दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि अगर उनके साथ धक्का किया गया, तो वह संघर्ष करने को विवश होंगे और माननीय उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। इस संबंधी जब डेराबस्सी खादी संघ के सचिव करनैल सिंह से बात करने की कोशिश की, तो उन्होंने इस मामले संबंधी बात करने से इनकार कर दियाए जबकि संघ अध्यक्ष नरिंदर सिंह ने फोन उठाने की जरूरत महसूस नहीं की।