पुलिस ने बारह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। शहर स्थित कसूरी गेट के पास कबूतर के लिए दो गुटों में झगड़ा हो गया, इसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया है। उधर, थाना सिटी पुलिस ने रविवार पीड़ित के पिता के बयान पर सात लोगों को नामजद कर बारह के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
अजीत सिंह वासी कसूरी गेट,गली नंबर-तीन शहर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसके बेटे निशान सिंह व गुरपिंदर ने घर पर कबूतर पाले हुए हैं। आरोपी आकाश उनके घर पर आया और बेटे निशान से कहने लगा कि उनका कबूतर उनके घर की छत पर आकर बैठा है और वे लेने आया है। इस पर निशान ने कहा कि उनके मकान की छत पर कोई कबूतर नहीं आया है। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। यहां से आकाश अपने घर चला गया। आधे घंटे बाद आकाश ने अपने साथियों संग निशान के घर पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने निशान को बुरी तरह पीटकर जख्मी कर दिया। जख्मी हालत में उसे फिरोजपुर सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया है। थाना सिटी पुलिस ने निशान के पिता अजीत सिंह के बयान पर आरोपी आकाश, युवराज, धर्मा, चन्ना, मिठ्ठन, रामू, सुनील वासी मछली मंडी फिरोजपुर शहर समेत बारह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी फरार हैं।