कृषि मंत्री ने किया गांव दुराली में दुराली–मनौली और दैड़ी–चाओमाजरा लिंक सड़क का शिलान्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। पंजाब के कृषि एवं पशुपालन मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि भगवंत सिंह मान सरकार द्वारा जनता से किए गए वादों के अनुरूप पूरे राज्य में लिंक सड़कों की मरम्मत और अपग्रेडेशन का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। उन्होंने बताया कि पंजाब में करीब 40,103 किलोमीटर लिंक सड़कों को बेहतर और सुरक्षित बनाया जा रहा है, जिससे लोगों को सुगम और मजबूत सड़क नेटवर्क की सुविधा मिल सके।
मोहाली के गांव दुराली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक कुलवंत सिंह मोहाली की उपस्थिति में दुराली–मनौली और दैड़ी–चाओ माजरा लिंक सड़क का शिलान्यास करते हुए मंत्री ने कहा कि इन सड़कों के उन्नयन से मोहाली क्षेत्र को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि कुल लिंक सड़कों में से 22,074 किलोमीटर सड़कों का कार्य पंजाब मंडी बोर्ड द्वारा किया जा रहा है, जबकि शेष कार्य लोक निर्माण विभाग के जिम्मे है।
मंत्री ने बताया कि दुराली–मनौली–दैड़ी लिंक सड़क की लंबाई करीब 3.66 किलोमीटर है, जिस पर 188.15 लाख रुपये की लागत से कार्य किया जाएगा। इस सड़क की चौड़ाई मौजूदा 10 फुट से बढ़ाकर 18 फुट की जाएगी और यह सेक्टर-82 पीआर-7 सड़क से जुड़कर मोहाली-चंडीगढ़ मार्ग का एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक रास्ता बनेगी।
विधायक कुलवंत सिंह ने विधानसभा क्षेत्र में 60 लिंक सड़कों की मरम्मत को मंजूरी देने पर मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से गांवों और शहर के बीच आवागमन आसान होगा। साथ ही नई सड़कों के पांच साल तक रखरखाव की गारंटी से उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित होगी।