नौ महीनों से संघर्ष पर चल रहे पुडा मुलाजिमों ने बुधवार को कलमछोड़ हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। इस दौरान मुलाजिम दफ्तर तो आएंगे, लेकिन आफिस से जुड़ा कोई काम नहीं करेंगे। यह हड़ताल पुडा तालमेल संघर्ष कमेटी के बैनर तले होगी। मुलाजिम तालमेल कमेटी का कहना है कि सरकार के अड़ियल रवैये के कारण हड़ताल करनी पड़ रही है। अगर सरकार ने उनकी मांगों को पूरा कर दिया होता तो मुलाजिम यह कदम न उठाते। उन्होंने राज्य के लोगों से उनकी मजबूरी समझने और सहयोग देने की अपील की है। मुलाजिम कमेटी का कहना है कि वह किसी भी कीमत पर लोगों को परेशान नहीं करना चाहते हैं।
जानकारी के मुताबिक, बुुधवार को मुलाजिमों का नियमित संघर्ष 245वें दिन में प्रवेश कर गया। इस दौरान पाल सिंह और रमेश सिंह भूख हड़ताल पर बैठे। कमेटी के कन्वीनर महिंदर सिंह मलोया व जरनैल सिंह ने कहा मुख्य प्रशासक पुडा उनकी मानी हुई मांगों को जानबूझकर लटका रहे हैैं। क्योंकि मुख्य प्रशासक ने सरकार को सही रिपोर्ट पेश नहीं की है। इस कारण मुलाजिमों को कलमछोड़ हड़ताल करनी पड़ी है।
कन्वीनर बलजिंदर सिंह बिल्ला ने कहा कि कई महीनों से मुुलाजिम संघर्ष करते आ रहे हैैं। लेकिन, पुडा मैनेजमेंट व पंजाब सरकार लगातार अनदेखी करती आ रही है। इस मौके पर शमशेर सिंह, वीर चंद विज, परगट सिंह विर्क, सुखेदव सिंह, मनजीत सिंह, हरकेश सिंह, हरि सिंह, चरनजीत कौर, परमिंदर कौर, ऊमा जोशी, मलकीम सिंह, कुलदीप सिंह, नराता रामा, परमजीत सिंह और भाग सिंह मौजूद रहे।
ये काम रुक जाएंगे
एस्टेट आफिस से जुड़े काम नहीं होंगे
मकानों के नक्शे पास नहीं होंगे
जमीन एक्वॉयर करने के संबंध में काम बंद रहेेगा
अवैध कब्जे हटाने की प्रक्रिया बंद रहेगी
सीवरेज व बिजली के बिल जमा नहीं होंगे
कर्मचारियों की ये हैं मांगें
पुडा मुुलाजिमों को पेंशन स्कीम लागू करना
जिन मुलाजिमों को प्लॉट नहीं मिला, उन्हें प्लॉट देना
योग्यता रखने वाले दर्जा चार मुलाजिमों को प्रमोशन देना
डेलीवेज कर्मचारियों को स्थायी करना
ड्राइंग कैडर के नियमों को संशोधित कर लागू करना
फील्ड स्टाफ के लिए बनाए गए नियमों को लागू करना