मोहाली। शहर में मोबाइल और बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक गिरोह का फेज-8 पुलिस ने पर्दाफाश किया। पुलिस ने गिरोह के कुल सात शातिरों को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं तहत केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इकबाल सिंह वासी लुधियाना, अनूप कुमार वासी सोहाना, दयानंद मंडल वासी मटौर, गुरविंदर सिंह वासी सोहाना, खुश कुमार वासी सोहाना, अमृतपाल सिंह वासी सोहाना के रूप में हुई है। एक आरोपी अभी नाबालिग है जिसे बाल सुधार गृह भेज दिया है। पुलिस को आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो मोटरसाइकिल और 24 मोबाइल बरामद किए हैं। मामले की पुष्टि फेज-8 पुलिस थाना प्रभारी अजितेश कौशल ने की।
जानकारी के मुताबिक 18 मई को अनिल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि मोटरसाइकिल सवार दो युवक मोबाइल झपटकर फरार हो गए। इसकी शिकायत पर पुलिस ने कुंभड़ा स्थित सेक्टर-68/69 लाइट प्वाइंट पर नाकाबंदी करते हुए वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान इकबाल अपने नाबालिग साथी के साथ पुलिस पकड़ में आया। उसके कब्जे से अनिल से छीना हुआ मोबाइल बरामद हुआ। दूसरी ओर आरोपी को पुलिस थाने में लाकर सख्ती से पूछताछ की तो इकबाल से पुलिस को एक के बाद एक खुलासे सामने आए।
एक चेन की तरह वारदात को देते थे अंजाम
जानकारी के अनुसार मोबाइल की लूट के बाद यह गिरोह एक चेन बनाकर काम करता था। छीना मोबाइल इकबाल पहले अनूप के पास पहुंचाता और अनूप इसे आगे मटौर स्थित दुकानदार दयानंद मंडल को 2 से 3 हजार रुपये में बेच देता था। दयानंद चोरी के मोबाइल को अनलॉक करके आगे लोगों को 4 से 5 हजार रुपये में बेचता था। इकबाल की निशानदेही पर अनूप व दुकानदार दयानंद को हिरासत में लिया, जिसके कब्जे से लूटे हुए मोबाइल बरामद कर लिए हैं।
एक अन्य गिरोह भी आया पकड़ में
पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया तो पता चला कि सोहाना निवासी गुरविंदर, खुश कुमार और अमृतपाल सिंह भी मोबाइल और मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देने का काम करते हैं। दूसरी ओर, एएसआई जीवन सिंह ने कुंभड़ा टी-प्वाइंट पर उक्त आरोपियों को चोरी की मोटरसाइकिल पर घूमते हुए पकड़ लिया जिनके कब्जे से चोरी के मोबाइल भी बरामद कर लिए हैं।