लालड़ू। विधायक कुलजीत सिंह रंधावा की किसान नेताओं पर की गई अपमानजनक टिप्पणी को लेकर किसानों में भारी रोष फैल गया है। इस बयान के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (लखोवाल) ब्लॉक डेराबस्सी में आक्रोश देखने को मिला। भारतीय किसान यूनियन लखोवाल की बैठक दप्पर स्थित संगठन दफ्तर में मनप्रीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। बैठक में किसानों ने कहा कि विधायक की टिप्पणी बेहद आपत्तिजनक है और इससे किसान समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि विधायक डेराबस्सी 25 मई, सोमवार सुबह 11 बजे तक सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं, तो संगठन लालडू, डेराबस्सी और जीरकपुर बस स्टैंड पर विरोध मार्च निकालेगा और विधायक का पुतला फूंका जाएगा। संगठन ने सभी किसान संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे सोमवार सुबह 9 बजे दप्पर स्थित कार्यालय में एकत्र हों, ताकि आगे की रणनीति तय की जा सके। बैठक में मौजूद किसानों ने एकजुट होकर आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया।