विधायक एनके शर्मा मान कौर का हालचाल पूछते हुए।
- फोटो : MOHALI
डेराबस्सी। हलका विधायक एनके शर्मा मंगलवार को 105 वर्षीय एथलीट बीबी मान कौर का हाल जानने के लिए गांव देवीनगर के शुद्धि आयुर्वेदिक अस्पताल में पहुंचे। बीबी मान कौर कैंसर की बीमारी के साथ जूझ रही हैं, और यहां उनका इलाज चल रहा है। इस मौके पर हलका विधायक ने बीबी मान कौर की मदद के लिए पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल की ओर से भेजा गया एक लाख रुपये का चेक उन्हें सौंपा और उनके इलाज के लिए हर संभव मदद करने के लिए कहा।
विधायक एनके शर्मा ने कहा खेलों में बड़ी उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों की मुश्किल समय में मदद जरूर करनी चाहिए। जिससे आज के युवा खिलाड़ियों का मनोबल न गिरे और वह अच्छे प्रदर्शन करें।
उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल की सरकार समय-समय पर खिलाड़ियों को बनता मान सत्कार देती आ रही है। उनकी हर मुश्किल के समय में हर संभव मदद की जाती है। इसके अलावा शिअद की ओर से खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए गांवों और शहरों में स्टेडियम बनाकर खेलों का सामान मुहैया करवाया जाता है। शिअद के कार्यकाल में खेलों में नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को बिना किसी भेदभाव से सरकारी नौकरियों में पहल दी गई थी। जिससे खेल के क्षेत्र को अधिक से अधिक सहयोग दिया जा सके।
विधायक एनके शर्मा ने कहा कि खेल ही एक इस तरह का क्षेत्र हैं। जिसके साथ युवा पीढ़ी को नशों और सामाजिक बुराइयों से दूर रखा जा सकता है। मौजूदा कांग्रेस सरकार खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करने के बजाय अपने चहेतों को नौकरी देकर युवाओं में निराशा पैैदा कर रही है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस मुश्किल की घड़ी में बीबी मान कौर की मदद करे।
इस मौके पर बीबी मान कौर ने हलका विधायक एनके शर्मा को आशीर्वाद देते उनके सुनहरे भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जत्थेदार रजिंद्र सिंह इस्सापुर, भुपिंद्र सैनी, युवा नेता तरनबीर सिंह टिम्मी पूनिया और अन्य मौजूद थे।