मोहाली। जिला प्रशासन ने सन्नी एनक्लेव से चलने वाली अब्रॉर्ड करिअर्स नाम की फर्म पर बड़ी कार्रवाई की है। फर्म को कंसल्टेंसी के काम के लिए जारी किया गया लाइसेंस 90 दिन के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर अमनिंदर कौर बराड़ ने इसकी पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि फर्म को जारी किए लाइसेंस की समय अवधि दस जुलाई 2023 तक थी। जिला प्रशासन ने फर्म के दफ्तर प्रोफार्मा भेजकर उपभोक्ताओं की संख्या व उनसे वसूली गई फीस संबंधी जानकारी मांगी थी। काफी समय तक फर्म की तरफ से रिपोर्ट नहीं भेजी गई। फिर पंजाब ट्रैवल प्रोफेशनल रेगुलेशन एक्ट 2012 के तहत नोटिस जारी किया। एसडीएम खरड़ की रिपोर्ट में सामने आया कि कंपनी के दफ्तर में ताला लगा हुआ है। इसके बाद नोटिस को फर्म के दरवाजे पर चस्पा कर दिया गया। साथ ही लाइसेंसधारक को ईमेल के माध्यम से नोटिस भेजा गया। नोटिस जारी होने के बाद भी कोई भी फर्म का कोई नुुमाइंदा दफ्तर में पेश नहीं हुुआ। इसके बाद उस पर कार्रवाई की गई। लाइसेंसधारक को अपनी स्थिति साफ करने के लिए पंद्रह दिन का समय देते हुए नोटिस जारी किया गया। इसके बाद लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया होगी।