कार के आगे के शीशे पर फेंका अंडा, रोकने के बाद महिला के सिर पर तानी बंदूक
दो बाइक पर तीन लुटेरों ने आकर की वारदात, फिर रानीमाजरा की ओर भागे
संवाद न्यूज एजेंसी
लालड़ू। थाना हंडेसरा के तहत आने वाले गांव सिंहपुरा में दो बाइक सवार तीन लुटेरे बंदूक के बल पर कार सवार दंपती से लाखों के सोने के गहने और नकदी लूटकर फरार हो गए। लुटेरों ने पहले पीछा कर कार के आगे के शीशे पर अंडा फेंका। इसके बाद दिखाई न देने पर कार रोकी तो महिला के सिर पर बंदूक तानकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार लूटे गए गहनों की सही कीमत का आंकलन किया जा रहा है।
जांच अधिकारी भूपिंद्र सिंह ने बताया कि पारस आहूजा पुत्र राजपाल आहूजा निवासी सुंदर नगर, लुधियाना ने शिकायत में कहा कि वह शनिवार को स्विफ्ट कार में पत्नी संजना के साथ जगाधरी से लुधियाना जा रहे थे। हाईवे बंद होने के कारण वे गूगल मैप के जरिये अंबाला कैंट से हंडेसरा की ओर से जाने लगे। उन्होंने बताया कि हंडेसरा क्षेत्र के तहत शाम करीब साढ़े चार बजे लिंक मार्ग पर स्थित फैक्ट्रियों के पास एक बाइक पर दो सवार युवक उनकी गाड़ी के पीछे लग गए और कार के आगे वाले शीशे पर अंडा फेंक दिया।
दिखाई न देने पर उन्हें गाड़ी रोकनी पड़ी और नीचे उतकर देख ही रहे थे कि एक अन्य युवक मोटरसाइकिल पर आया और नीचे उतर रही पत्नी के सिर पर बंदूक तान दी। उसने कहा कि जो भी कीमती सामान है, वह हवाले कर दें, अन्यथा गोली मार देंगे। इससे वह डर गए। उन्होंने गले की सोने की चेन के अलावा हाथों में पहने दो सोने के कड़े, दोनों हाथों की पांच सोने की अंगूठियां और सोने का मंगलसूत्र निकलवा लिया। इसके अलावा दस हजार रुपये और गोल्ड का सेट भी धमकाकर ले लिया। लुटेरे रानीमाजरा की ओर भाग गए, साथ ही उनकी गाड़ी की चाबी छीनकर खेतों में फेंक दी। इस संबंधी में लूट की सूचना उन्होंने अपने रिश्तेदारों सहित हंडेसरा पुलिस को दी। दंपती ने लुटेरों के सामने आने पर पहचानने का दावा किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों के अनुसार वारदात गांव सिंहपुर के निकट हुई है। पुलिस जांच में जुटी है।