फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जनता कर्फ्यू रहा कामयाब, मोहाली में चार के बाद नहीं आया कोई नया कोरोना पॉजीटिव केस

विज्ञापन
विज्ञापन
मोहाली। दुनिया भर में कोरोनों वायरस के केस बढ़ने से इस बीमारी को डब्ल्यूएचओ की ओर से महामारी घोषित कर रखा है। इसके चलते शहर में लोगों को कोरोना से बचाने के लिए प्रधानमंत्री के आह्वान पर रविवार को जनता कर्फ्यू को जिले के लोगों का पूरा समर्थन मिला। लोग पूरा दिन अपने घरों में कैद रहे। सड़कें, मार्केट्स और पार्क तक सूने रहे। इसके साथ ही जब शाम को 5 बजे तो लोगों ने अपने घरों की बालकनी और छत्तों पर आकर थालियां, तालियां बजाई और शंखनाद किया। सेहत विभाग के लिए यह दिन काफी राहत भरा रहा। इस दौरान पुराने 4 मरीजों को छोड़कर कोई भी नया मरीज सामने नहीं आया। वहीं, इस दौरान जिले के डीसी गिरीश दियालन, एसएसपी कुलदीप सिंह चहल, एडीसी आशिका जैन और सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह खुद फील्ड में रहे। इस दौरान कोरोना की रोकथाम के लिए सेवाएं दे रहे मुलाजिमों का उन्होंने धन्यवाद किया।
विज्ञापन

मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को सुबह 7 बजे जनता कर्फ्यू लग गया था। इस दौरान कोरोना से जंग के लिए लोगों ने पूरा सहयोग दिया। अधिकतर सड़कें खाली रहीं और लोग घरों से निकलने में पहरेज करते रहे। इस दौरान मोहाली से गुजरने वाले चंडीगढ़-खरड़ नेशनल हाईवे और बनूड़-खरड़ हाईवे पर भी न कोई वाहन और न ही लोग दिखे।
हालांकि दूध सप्लाई करने वाले दोधी, सब्जी बेचने वाले सड़कों पर इक्का-दुक्का दिखाई दिया। यहीं हाल शहर की सभी मार्केटों का रहा, मोहाली के फेज-5, 4, 3बी2, 2, 3बी1, 7, 9 और फेज-11 की मार्केट पूरी तरह से बंद रही। इतना ही नहीं कुछ मेडिकल शॉप्स और अन्य दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखी। शहर में कहीं किसी भी तरह का कोई विवाद नहीं हुआ। डीसी गिरीश दियालन, एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने कहा कि जनता कर्फ्यू पूरी तरह से कामयाब रहा है। मोहाली, खरड़, डेराबस्सी, कुराली, जीरकपुर, डेराबस्सी और लालडू में पूरी तरह से जनता कर्फ्यू रहा। तीनों सब डिवीजन के एडीएम जगदीप सिंह सहगल, हिमांशु जैन और कुलदीप बाबा की ओर से कोरोना को लेकर जारी की गई एडवाइजरी पर नजर रखी गई। उन्होंने बताया कि सारे इलाकों को सैनिटाइज किया जा रहा है।
विज्ञापन

अभी एक कोरोना संदिग्ध मरीज की रिपोर्ट आनी बाकी
वहीं सिविल सर्जन डाक्टर मनजीत सिंह ने बताया कि रविवार को कोई भी कोरोना वायरस का नया केस नहीं आया है। शनिवार को जिस एक सदिंग्ध का सैंपल भेजा गया था, उसकी रिपोर्ट आनी बाकी है। सिविल सर्जन ने कहा कि रविवार को जनता कर्फ्यू का असर कोरोना वायरस पर भी पड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। क्योंकि रविवार को एक भी संदिग्ध मरीज नहीं आया है। अभी तक जिले में 4 कोरोना के मरीज हैं।
पार्क और सड़कें रहीं सुनसान
मोहाली में पंजाब के सबसे ज्यादा पढ़े-लिखे लोग रहते हैं। इसके साथ ही वह अपनी फिटनेस को लेकर भी काफी सजग हैं। लेकिन रविवार को सभी ने अपनी जॉगिंग से लेकर कसरत तक त्याग दी। फेज-4 बोगनविलिया गार्डन, फेज-3बी1 रोज गार्डन, फेज-10 सिल्वी पार्क और सेक्टर-68 सिल्वी पार्क में कोई भी व्यक्ति दिखाई नहीं दिया। सड़कों पर चहल पहल बंद रही।
जहां रोजाना रहता था ट्रैफिक जाम, वहां सड़कें रहीं सुनसान
नेशनल हाईवे पर जहां-जहां रोजाना सुबह-शाम ट्रैफिक जाम लगता था, उस जगह पर सुबह से लेकर शाम तक सन्नाटा पसरा रहा। मोहाली से खरड़ और खरड़ से मोहाली आने वाली सड़क बिलकुल सुुनसान दिखीं। जबकि रोजाना इस सड़क पर लोग सुबह शाम जाम से परेशान रहते थे।
एयरपोर्ट रोड रही सुनसान
शहर की अंदरूनी सड़कों के अलावा इंटरनेशनल एयरपोर्ट रोड भी सुबह से शाम तक पूरी तरह से खाली रहीं। सिर्फ इक्का-दुक्का वाहन ही दिखाई दिए। जबकि यहां रोजाना सुबह से रात तक वाहनों की लाइनें दिखाई देती है। लेकिन जनता कर्फ्यू के दौरान सड़क सुनसान रही।
सेक्टर-76 से 80 में नहीं हुई सैनिटाइजेशन
एक ओर जहां पूरे शहर में कोरोना वायरस को लेकर दहशत है वहीं नगर निगम और जिला प्रशासन शहर के अन्य सेक्टरों और फेजों में सैनिटाइजेशन कर रहा है। इसके साथ ही नगर निगम फॉगिंग भी कर रहा है। लेकिन गमाडा के सेक्टर 76 से 80 में न तो कोई फॉगिंग हुई है और न ही निगम ने सैनिटाइज ही किया है। जिससे इलाके के लोगों में काफी रोष पाया जा रहा है। सेक्टर 78, सेक्टर 80 निवासी नवजोत सिंह, लाभ सिंह और सोहाना निवासी राजेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि नगर निगम की ओर से इलाके में सैनिटाइजेशन नहीं की है। जिससे इलाके के लोग परेशान हो रहे हैं। इन्होंने बताया कि अगर नगर निगम की ओर से इलाके को सैनिटाइज नहीं किया गया तो इसके घातक परिणाम सामने आ सकते हैं। प्रशासन करोना वायरस को लेकर पूरी तरह सतर्क होने की बड़ी-बड़ी बातें तो कर रहा है, लेकिन यह बातें सिर्फ हवा में ही हैं। इलाके के लोगों ने कहा कि उनको सोमवार को खुद मजबूर होकर अपने खर्चे पर इलाके में सैनिटाइजेशन शुरू की जा रही है।
पुलिस रही सतर्क, सैनिटाइजर से हाथ साफ करवाए
शहर में हर लाइट प्वाइंट और चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस सुबह से लेकर रात तक चौकस दिखी। वहीं शहर में पड़ते सभी पुलिस थानों की पुलिस भी अपने-अपने इलाके में सतर्क रही। ट्रैफिक पुलिस की ओर से शहर के हर ट्रैफिक लाइटों से गुजरने वाले वाहन चालकों को अपने घर पर रहने के लिए जागरूक किया। इसके साथ ही कहा गया कि अगर कोई ज्यादा जरूरी काम है तो ही घर से निकलें। इसके साथ ही पुलिस ने वाहन चालकों को सैनिटाइजर से हाथ भी साफ करवाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें