नयागांव (मोहाली)। सुच्चा सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी जागीर सिंह को पुलिस ने धर दबोचा है। वह पंजाब बॉर्डर से हरियाणा ेभागने की फिराक में था। हालांकि लापता नेपाली नौकर का अभी पता नहीं चला है। न ही सुच्चा सिंह का सिर पुलिस तलाश पाई है।
रविवार को मुख्यमंत्री के सिसवां स्थित फार्म हाउस की दीवार के पास गांव नगल के सुच्चा सिंह का सिर कटा शव दबा मिला था। मामले में सतनाम सिंह सत्ती, देसराज को पुलिस ने रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी जागीर सिंह फरार हो गया था। सोमवार देर रात पुलिस ने जागीर सिंह को हरियाणा बार्डर से धर दबोचा। मंगलवार को आरोपी जागीर सिंह को खरड़ अदालत में पेश कर पुलिस ने चार दिन के रिमांड पर लिया है।
एसएसपी सतिंदर सिंह मंगलवार को डीएसपी खरड़-2 विक्रमजीत सिंह के दफ्तर पहुंचे और खुद आरोपियों से पूछताछ की। हालांकि पुलिस अभी आरोपियों से मिली जानकारी साझा नहीं कर रही है।
दिल्ली भेजी जाएगी डीवीआर
आला अधिकारियों के मुताबिक सीएम सुरक्षा के लिए फार्म हाउस पर लगे सीसीटीवी कैमरों का बैकअप 72 घंटे का है। इसलिए पुरानी फुटेज नहीं मिल पाई। हालांकि सीएम फार्म हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। इस डीवीआर को दिल्ली की हाईटेक लैब में भेजा जाएगा, ताकि घटनास्थल की फुटेज हासिल की जा सके। पुलिस अगर फुटेज हासिल करने में कामयाब हो जाती है तो सुच्चा सिंह हत्याकांड का अहम सुबूत साबित होगी।