जीरकपुर। पूरी रात हुई बारिश की वजह से जीरकपुर की गलियों, मोहल्लों, बाजारों और सोसाइटियों में वीरवार को पानी भर गया। सुबह जब लोगों की आंखें खुलीं तो चारोंं तरफ पानी ही पानी नजर आया। अनेक जगह घरों और दुकानों में भी पानी घुस गया। कुछ स्थानों से दोपहर बाद पानी निकल गया था लेकिन सुबह लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों की दिनचर्या के काम प्रभावित हुए। जीरकपुर के लोहगढ़ क्षेत्र में स्थित श्री सनातन धर्म विश्वकर्मा मंदिर के आगे जलभराव हो गया। इस क्षेत्र में बारिश के पानी की निकासी की पाइपलाइन डालने और सड़क बनाने का काम करीब आठ माह पहले ही मुकम्मल हुआ था लेकिन यहां पर सड़क का लेवल सही न होने के कारण होने वाले जलभराव से लोगों को भारी परेशानी होती है। इसके अलावा पटियाला चौक, सिंहपुरा क्षेत्र, बलटाना क्षेत्र की बहुत सी गालियां, ढकोली, पीरमुछल्ला क्षेत्र की विभिन्न सोसाइटियों में बारिश का पानी भर गया। शिवालिक विहार की गलियों में डेढ़ फुट तक पानी भरने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान क्षेत्र निवासी सड़कों पर उतर गए और समाजसेवी पवन नेहरू और अन्य लोगों ने सीवरेज के ढक्कन उठाकर सड़कों पर भरे हुए पानी को निकाला।
पानी की निकासी नहीं कर सकते तो कश्तियां मंगवा ले निगम
वर्ष-2023 में बाढ़ की परेशानी झेल चुके शिवालिक विहार निवासियों का कहना है कि उनके क्षेत्र में हर वर्ष बारिश के दिनों में पानी भर जाता है। क्षेत्र में जल भराव होने से पानी घरों में घुस जाता है। इसके अलावा बाहर खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचता है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को या तो पानी की निकासी का सही प्रबंध करना चाहिए ताकि बाढ़ जैसी स्थिति पैदा न हो। अन्यथा कश्तियां मंगवा लेनी चाहिए ताकि लोगों को कम से कम अपने काम पर जाने की तो सुविधा मिले।
वैसे तो नगर परिषद द्वारा पानी की निकासी के सही प्रबंध किए हुए हैं। तेज बारिश आने से अगर पानी भर जाता है तो वह कुछ ही समय में निकल जाता है। अगर फिर भी कहीं ज्यादा पानी भरने की समस्या होती है तो हमारे पास पंपों का प्रबंध भी है, पंप लगाकर पानी की निकासी की जा सकती है। - जगजीत सिंह जज, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद जीरकपुर