मोहाली। पुलिस ने आईपीएल टिकटों की कालाबाजारी से जुड़े एक रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान नवीन निवासी हाउस नंबर 324/2 रेलवे रोड पुलिस स्टेशन पटियाला चौक जींद, दर्पण निवासी आरजेड स्ट्रीट नंबर-6, राधा कृष्ण मंदिर के पास नई दिल्ली और परहर्ष अनुराग निवासी फ्लैट नंबर 184 पॉकेट-1 सेक्टर-9 द्वारका नई दिल्ली के रूप में हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि मुल्लांपुर थाने में आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह गिरफ्तारी मुल्लांपुर के क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आईपीएल 2025 के पहले क्वालीफायर टी-20 मैच के दौरान की गई है। आरोपी बल्क में टिकटें खरीदकर डबल रेट में बेचते थे।
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने पहले से ही बड़ी संख्या में मैच के टिकट खरीद लिए थे। इसके बाद स्टेडियम परिसर के पास खड़े होकर ऊंचे दामों पर बेच रहे थे। सूचना पर त्वरित कार्रवाई कर मुल्लांपुर थाने की पुलिस ने आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि रैकेट में शामिल किसी बड़े नेटवर्क या सहयोगियों का पता लगाने के लिए जांच चल रही है। उन्होंने टिकटों की कालाबाजारी कर अधिक रुपये वसूलने के अवैध काम में लगे लोगों को कड़ी चेतावनी दी है।
उनका कहना है कि ऐसा करने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें नए क्रिकेट स्टेडियम के पास आईपीएल मैचों की टिकटों की कालाबाजारी के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत एसएचओ मुल्लांपुर को 9203200009 और डीएसपी मुल्लांपुर को 7710111912 उनके नंबर पर सूचित करें।