मोहाली। जिले में डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने वीरवार को स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में चल रही तैयारियों और रोकथाम रणनीति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग, शिक्षा विभाग और जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। डीसी ने कहा कि आने वाले दिनों में डेंगू और पानी से फैलने वाली बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए पहले से ही सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग और एंटी-लार्वा स्प्रे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खासतौर पर उन स्थानों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया जहां पानी जमा होने की संभावना रहती है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों की सफाई व्यवस्था मजबूत करने और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करने पर जोर दिया गया।
डीसी ने साफ पेयजल की उपलब्धता को भी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि जिलेभर में पीने के पानी के नमूनों की नियमित जांच की जाए। जहां भी पानी दूषित पाया जाए, वहां तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि लोगों को डेंगू के लक्षणों, बचाव और सावधानियों के प्रति जागरूक करने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाए जाएंगे। लोगों से अपील की गई कि वे घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा हर शुक्रवार ड्राई डे मनाकर कूलर, गमले और अन्य बर्तनों का पानी बदलें।