मोहाली। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-3 स्थित शहर का सबसे बड़ा और पुराना मैंगो पार्क इन दिनों बदहाली का शिकार बना हुआ है। कभी सुबह-शाम सैर करने वालों और परिवारों की पसंदीदा जगह माना जाने वाला यह पार्क अब गंदगी, अव्यवस्था और सुरक्षा की कमी के कारण लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। पार्क की हालत को लेकर स्थानीय लोगों में नगर निगम के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
पार्क के चारों ओर खाली बोतलें, गंदे कागज, प्लास्टिक और सूखे पत्तों के ढेर बिखरे पड़े हैं। कई जगहों पर कूड़ा जमा होने से बदबू फैल रही है, जिससे वातावरण दूषित हो रहा है। लोगों का कहना है कि निगम की ओर से नियमित सफाई नहीं करवाई जा रही, जिसके कारण पार्क की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है।
पार्क में सैर करने आने वाले निवासियों ने ने बताया कि पहले वह रोजाना सुबह और शाम यहां टहलने आते थे, लेकिन अब गंदगी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों के कारण आने से बचते हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर निगम पार्क की नियमित सफाई सुनिश्चित करे, सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएं और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो शहर की यह ऐतिहासिक और प्रमुख सार्वजनिक जगह पूरी तरह बदहाल हो जाएगी।
कोट
यह पार्क कभी शहर की पहचान हुआ करता था, लेकिन अब इसकी सुंदरता पूरी तरह खत्म हो चुकी है। नगर निगम पार्क के रखरखाव को लेकर गंभीर नहीं है। - एसएन पठानिया, फेज-7
पार्क में सुरक्षा के लिए कोई गार्ड तैनात नहीं है। शाम के समय यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगता है, जिससे चोरी और तोड़फोड़ की घटनाएं बढ़ रही हैं। पार्क में लगे कई सामान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। - गगनदीप सिंह, फेज-6
पार्क धीरे-धीरे नशेड़ियों का अड्डा बनता जा रहा है। बाथरूम में लगी नलों की टोटियां हर दो महीने में चोरी हो जाती हैं। कई बार शिकायत के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई। इससे रखरखाव का काम भी प्रभावित हो रहा है। -स्वराज, पार्क का सफाई कर्मचारी