पुलिस ने परिजनों को सोमवार शाम पांच बजे तक मामले में कार्रवाई करने का दिया भरोसा
संवाद न्यूज एजेंसी
लालड़ू। गांव बल्लोपुर में ढाई वर्षीय गुरसाज की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में सोमवार को भी परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए सहमति नहीं दी। परिजन आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। उनका कहना है कि जब तक मासूम की मौत के जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार नहीं किया जाता और उन्हें इन्साफ नहीं मिलता, तब तक वे पोस्टमार्टम करवाने की सहमति नहीं देंगे। मृतक गुरसाज के पिता गुरविंदर सिंह ने बताया कि जब तक आरोपी को काबू नहीं किया जाता, वे शव का पोस्टमार्टम करवाने संबंधी सहमति नहीं देंगे। उन्होंने यह भी बताया कि मंगलवार को परिजनों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद अगला फैसला लिया जाएगा। पुलिस ने परिजनों को सोमवार शाम पांच बजे तक मामले में कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।
पुलिस की जांच और कार्रवाई
थाना लालड़ू प्रभारी इंस्पेक्टर आकाश शर्मा ने बताया कि सोमवार को बच्चे के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दो-तीन पड़ोसियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के उच्चाधिकारी मौके का मुआयना करने के साथ मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है और जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
सांत्वना देने के लिए लगा है तांता
मासूम की मौत से दुखी परिवार को सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों और रिश्तेदारों का तांता लगा हुआ है। इन्साफ की मांग को समर्थन देने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी गांव पहुंचे। इनमें कांग्रेसी नेता उदयवीर सिंह ढिल्लों, अकाली दल वारिस पंजाब दे के जिला मोहाली प्रधान कुलदीप सिंह सरसीणी, भाजपा नेता गुरदर्शन सिंह सैनी और बसपा से चरणजीत सिंह देवीनगर सहित अन्य नेता शामिल रहे। इन नेताओं ने पीड़ित परिवार के साथ दुख साझा करते हुए सरकार से मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।