मोहाली फेज-2 स्थित ज्ञान ज्योति इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट में वीरवार को सोनी टीवी के रियल्टी शो इंडियन आइडल के सीजन-11 के लिए ऑडिशन हुआ। इसमें पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के करीब 1500 युवाओं ने अपनी किस्मत आजमाई। शो के लिए युवाओं का क्रेज देखते ही बन रहा था। उन्होंने घंटों लाइनों में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया। हर कोई जजेस का दिल जीतने के लिए बेताब था।
भले ही शो के लिए ऑडिशन सुबह आठ बजे से शुरू होना था, लेकिन विभिन्न राज्यों से युवा वीरवार देर रात से ही शहर में पहुंचना शुरू हो गए थे। इस दौरान युवाओं ने लाइनों में लगकर रजिस्ट्रेशन करवाया और जमकर गाने भी गाए। युवाओं के साथ उनके पेरेंट्स भी पहुंचे थे, जिन्होंने घंटों युवाओं को रियाज करवाया। चंडीगढ़ से आए सुनील कंग ने बताया कि वह ऑडिशन के लिए कई दिन से प्रयास कर रहे थे। उन्हें पूरा विश्वास है कि इस बार वह शो में आखिरी चरण तक जाएंगे।
इसी तरह हिमाचल प्रदेश से आए दीपक ने बताया कि शो से काफी कुछ सीखने को मिला है। ज्ञान ज्योति ग्रुप के चेयरमैन जेएस बेदी ने कहा कि फिलहाल सिंगिंग रियलिटी शो का आगामी सीजन बहुत कुछ लेकर आ रहा है। सभी प्रतिभाशाली और मेहनती गायकों को इसमें मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि इंडियन आइडल युवाओं के लिए आदर्श अवसर है। इसका मकसद असाधारण संगीत के मार्गदर्शन में गायन प्रतिभा को निखारना और एक मंच देना है।