मोहाली। बुधवार को दिन में गर्मी और उमस से लोग परेशान होते रहे, लेकिन शाम को करीब 5 बजे मौसम अचानक बदल गया। इस दौरान अचानक आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते चारों तरफ अंधेरा फैल गया। ऐसा लगने लगा मानो दिन में ही रात हो गई हो। शुरुआत तेज आंधी और तूफानी हवाओं से हुई, जिनमें जबरदस्त धूल-मिट्टी उड़ने लगी। धूल के गुबार ने कुछ समय के लिए दृश्यता भी कम कर दी। इसके कुछ ही देर बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिसने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी।
तेज हवाओं की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि शहर के कई इलाकों में पेड़ों की डालियां टूट गईं और कुछ जगहों पर टीन शेड उड़ गए। वहीं, कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। मौसम विभाग के अनुसार, दिन में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो बारिश के बाद गिरकर लगभग 35 डिग्री पर आ गया। यह गिरावट लोगों के लिए राहत की सांस बनकर आई। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह बदलाव अचानक और तेज था, 5 बजे ऐसा लग रहा था जैसे रात हो गई हो। बच्चों और युवाओं ने बारिश में भीगकर मौसम का भरपूर आनंद लिया, वहीं वाहन चालकों को कुछ समय तक तेज हवाओं और बारिश के चलते मुश्किलों का सामना करना पड़ा।