मोहाली। विदेश भेजने के नाम पर दो लाख की ठगी के आरोप में इमिग्रेशन कंपनी संचालक के खिलाफ मटौर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। यह मामला पंचकूला के सेक्टर-14 के रहने वाले शुभम की बयान फेज-7 स्थित प्रभ वीजा कंपनी के मालिक प्रभसिमरन सिंह पर दर्ज किया गया है।
पीडि़त शुभम ने पुलिस को बताया कि उन्होंने विदेश जाने के लिए प्रभ वीजा कंपनी से संपर्क किया था और इसके लिए उन्होंने दो लाख रुपये का भुगतान किया था। हालांकि समय बीतने के बावजूद जब कंपनी ने उन्हें विदेश भेजने का कोई इंतजाम नहीं किया तो उन्होंने पैसे वापस मांगे। इस पर कंपनी ने उन्हें बहाने बनाना शुरू कर दिए, जिसके बाद उन्होंने मामले की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज करवाई।
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रभ वीजा कंपनी को बिना आवश्यक इमिग्रेशन लाइसेंस के चलाया जा रहा था। पुलिस जब कंपनी के कार्यालय पहुंची तो वहां काम कर रहे स्टाफ ने बताया कि मालिक के बारे में उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं है। पुलिस के कई बार कहने पर प्रभसिमरन सिंह थाने में तो आया लेकिन बयान दर्ज नहीं करवाया। अब पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया।