खरड़। खरड़ तहसील के अधीन आते गांव मजात की नदी व शामलात देह जमीन से अवैध माइनिंग गांव के सरपंच द्वारा ही करवाई जा रही है। परंतु जानकारी के बावजूद कोई अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहा है।
गांव के पूर्व पंच हरिंदर सिंह, गुरिंदर सिंह पूर्व सरपंच, बलजीत सिंह, कुलवंत सिंह पूर्व पंच समेत अन्य गांववासियों ने बताया कि नदी से की जा रही अवैध माइनिंग से कथित तौर पर लाखों रुपये का रेत व मिट्टी बेची जा चुकी है। इस अवसर पर उन्होंने प्रशासन से गांव के सरपंच के खिलाफ अवैध माइनिंग को लेकर कार्रवाई करने की मांग की।
सभी आरोप निराधार : सरपंच
दूसरी ओर गांव के सरपंच हरमिंदर सिंह ने बताया कि गांव में 80-90 एकड़ शामलात व पंचायती जमीन है और पंचायत ने प्रस्ताव पास करके गांव व साथ लगते गांवों में अनाउंसमेंट करवाई हुई है कि यदि रात के समय इस जमीन से कोई मिट्टी निकालता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गांववासियों की ओर से लगाए जा रहे अवैध माइनिंग के सभी आरोप निराधार हैं।