मोहाली। खेडां वतन पंजाब दीयां के तहत नयागांव में स्थित फोरेस्ट हिल में घुड़सवारी के मुकाबले शुरू हो गए। वीरवार को करवाए गए मुकाबलों में ड्रैसस्ज अंडर- 21 में कंवर जयदीप का घोड़ा अमर पहले स्थान पर रहा। जिला खेल अधिकारी रूपेश बेगरा ने बताया कि प्रतियोगिता में सूबे से अंडर- 14, 17, 21 और ओपन कैटगरी के खिलाड़ी समेत 15 टीमों, 75 घोड़ों और 150 सवार भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर घुड़सवारी प्रबंधक दीपिंदर सिंह और हरमनदीप सिंह खैरा भी उनके साथ थे।
खेल अधिकारी ने बताया कि जंपिंग, ड्रेसेज और टेंट पेगिंग मुकाबले शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-21 में कुलजीत सिंह का घोड़ा मूनलाइट दूसरे स्थान पर रहा। अंडर- 14 शो जंपिंग में जुझारवीर की घोड़ी हसीना पहले स्थान पर रही। वहीं, रूद्राक्ष सिंह का घोड़ा सिल्वर पैग दूसरे स्थान पर रहा। अंडर- 17 शो जंपिंग नार्मल में धनवीर सिंह का सिल्वर पैग घोड़ा ने पहला स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 ड्रैसस्ज में बीरकंवर सिंह की गोल्डन क्वीन पहले, सुखमनि कौर का मुस्तफा दूसरे और धनवीर सिंह का अमर तीसरे स्थान पर रहा। पोल बैंडिंग रेस अंडर-14 में जुझार वीर ने जीत हासिल की। इसी रेस के अंडर 17 में अभय प्रताप सिंह की टीपू पहले स्थान पर रहा।