मोहाली। जिले में तेजी से फैल रहे डेंगू बुखार से लोगों को बचाने के लिए सेहत विभाग की टीम अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों के घरों में सर्वे कर रही है। इसके तहत अब तक सेहत विभाग की ओर से लाखों घरों में लारवे की जांच की जा चुकी है। इस दौरान जिन लोगों के घरों में डेंगू का लारवा मिला उनके चालान काटे गए हैं। इस सर्वे में विभाग को मोहाली के फेज-7, गांव बलौंगी और सब डिवीजन डेराबस्सी में काफी संख्या में घरों में लारवा मिला है। इसलिए यहां पर सर्वे तेज कर दिया गया है।
सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर ने बताया कि मार्च, 2021 में जिले में डेंगू के लारवे की जांच को लेकर अभियान शुरू हुआ था। इसके तहत अलग-अलग टीमों ने कुल 1,36,665 घरों की जांच की। इस दौरान 4,957 घरों से डेंगू का लारवा मिला। इसके चलते विभाग की ओर से सफाई के प्रबंधों में लापरवाही बरतने वाले लोगों का चालान काट दिया। साथ ही जिनके चालान कटे हैं उनको चेतावनी दी है कि अगली दोबारा उनके घरों में डेंगू का लारवा मिला तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में फेज-7, गांव बलौंगी और डेराबस्सी में सर्वे, फॉगिंग और जागरूकता मुहिम पर विशेष जोर दिया जा रहा है, क्योंकि पिछले दिनों यहां डेंगू बुखार के काफी केस सामने आए हैं। वहीं, इन दिनों गांव बलौंगी में कुल 5 टीमें सर्वे कर रही हैं और घरों में जाकर कूलर, फ्रिज की ट्रे, गमले, खाली पड़े टायर, बॉक्स और अन्य उस सामान की जांच कर रही है, जिनमें बारिश का पानी काफी दिनों तक भरा रहता है। डेंगू के बचाव के लिए टीम ने 1,36,665 घरों का सर्वे किया और इनमें से 4,957 घरों से डेंगू का लारवा मिला।