जीरकपुर। बलटाना फर्नीचर मार्केट में दुकानदार अपना सामान सड़क तक फैलाकर रखते हैं, जिस कारण लोगों को परेशान होना पड़ता है।
बुधवार को बलटाना निवासियों ने नगर परिषद के अधिकारियों को इसकी लिखित शिकायत दी। गौरतलब है कि फर्नीचर मार्केट के दुकानों के आगे अतिक्रमण कोई नई बात नहीं है, इससे पहले भी नगर परिषद की ओर से अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
बलटाना निवासी जगवीर सिंह, दलबीर सिंह, दर्शन सिंह, अरविंद कुमार, आशीष गोयल व रजनीश गुप्ता के अलावा अन्य लोगों ने नगर परिषद के अधिकारियों को शिकायत दी कि दुकानों के आगे सामान होने से गुजरने की जगह नहीं बचती है। इसके अलावा खरीदारी करने आए लोग भी सड़क के बीचोंबीच गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। लोगों ने परिषद के अधिकारियों से मांग की है कि दुकानदारों को सड़क तक सामान फैलाने से रोका जाए और वाहन चालकों को गाड़ियां पार्किंग में खड़ी करने की हिदायत दी जाए।