सोशल मीडिया पर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला व बब्बू मान के फैंस में चल रही जुबानी जंग ने नया मोड़ ले लिया है। वहीं, इस जंग में एक नई एंट्री गैंगस्टर यादी राणा की हुई है। उसने फेसबुक पर पोस्ट डालकर दोनों गायकों के फैंस को आपस में न लड़ने की नसीहत दी है। उसने गायकों से भी कहा कि वह सुधर जाएं। परमीश वर्मा वाला काम करने के लिए मजबूर न करें।
परमीश वर्मा पर ऐसे हुआ था हमला
गायक परमीश वर्मा पर दो साल पहले 13 अप्रैल को चंडीगढ़ से लौटते समय गोलियां बरसाई गई थीं। हमले में परमीश वर्मा घायल हो गए थे। उन्होंने करीब 35 मिनट गाड़ी चलाकर अपनी जान बचाई थी। इस हमले की जिम्मेदारी बाद में गैंगस्टर दिलप्रीत बाबा ने फेसबुक पर ली थी। इसके बाद पुलिस ने काफी समय बाद दिलप्रीत बाबा को चंडीगढ़ में हुई मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। बाबा अभी तक जेल में है। उस पर कई केस चल रहे हैं।