मोहाली। सेक्टर-71 मार्केट में अगस्त 2021 में अकाली नेता विक्रमजीत सिंह उर्फ मिड्डूखेड़ा की हत्या मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे तीनों शूटर (सज्जन सिंह उर्फ भोलू, अनिल कुमार उर्फ लट्ठ व सन्नी) और गैंगस्टर भूप्पी राणा को सोमवार को रिमांड खत्म होने पर अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इनसे पूछताछ के दौरान इस बात का खुलासा हुआ है कि आर्मेनिया में बैठे गैंगस्टर विक्की पडियाल के कहने पर उसके दोस्त गैंगस्टर कौशल चौधरी और अमित डागर ने हत्या करवाने के लिए आरोपी शूटर मुहैया करवाए थे। इस वारदात को अंजाम देने के लिए चार शूटर आए थे, जिनमें से एक शूटर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी करना बाकी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश देने में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक गैंगस्टर कौशल चौधरी, अमित डागर और लक्की पटियाल के कहने पर तीनों शूटरों अनिल उर्फ लट्ठ, सज्जन उर्फ भोलू और सन्नी ने अकाली नेता विक्रमजीत सिंह मिड्डूखेड़ा की हत्या की थी। यह बात रिमांड पर लिए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान सामने आई है। पुलिस ने उक्त तीनों शूटरों और गैंगस्टर भूप्पी राणा के रिमांड के दौरान उनकी निशानदेही पर मिड्डूखेड़ा की हत्या करने के लिए इस्तेमाल किए गए सभी हथियार (चार देसी पिस्टल और पांच कारतूस) और आई-20 कार बरामद कर ली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों शूटर गैंगस्टर कौशल चौधरी और अमित डागर गैंग के सदस्य हैं। दोनों गैंगस्टरों की विदेश में अपना गैंग चलाने वाले लक्की पटियाल के साथ दोस्ती है जिनके कहने पर ही तीनों शूटरों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया था कि आरोपियों से बरामद हुई आई-20 कार पर जाली नंबर लगाया हुआ था।