मोहाली। पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने 211 ग्राम हेरोइन, 8.10 लाख ड्रग मनी, दो अवैध हथियार, .32 बोर सहित 11 कारतूस और दो गाड़ियां बरामद की हैं। एसएसपी मोहाली दीपक पारीक ने बताया कि सीआईए स्टाफ में तैनात सब इंस्पेक्टर गुरप्रताप सिंह 25 अप्रैल को पुलिस पार्टी के साथ सीपी-67 मॉल सेक्टर-80 मौजूद थे। करीब साढ़े चार बजे शाम को उन्हें सूचना मिली थी कि सतनाम सिंह निक्कू निवासी फेज-1 अपने दो साथियों सूरज कुमार उर्फ पहलवान निवासी सोहाना, सुखविंदर सिंह उर्फ सुख निवासी गुरा नकोदर जालंधर के साथ मोहाली में मौजूद है। उनके पास अवैध हथियार हैं। वह हरियाणा नंबर की स्विफ्ट कार में गांव मौली वैदवान में किसी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। सीआईए टीम ने सूचना के आधार पर गांव मौली वैदवान में रेड की और आरोपियों को वारदात को अंजाम देने से पहले ही काबू कर लिया। आरोपियों को मोहाली अदालत में पेश किया गया। आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी सतनाम सिंह उर्फ निक्कू हेरोइन की खेप सुहेल निवासी सांई एनक्लेव झामपुर बलौंगी से लेकर आता था। उसके पास से चंडीगढ़ नंबर एक थार कार और 10 ग्राम हेरोइन भी पकड़ी गई है। 24 वर्षीय आरोपी सतनाम सिंह उर्फ निक्कू 7वीं पास है। उसके खिलाफ पहले भी 17 दिसंबर 2024 में थाना सिटी खरड़ में आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज हुआ था। इस तरह 22 वर्षीय सूरज 12वीं पास है। 35 वर्षीय आरोपी सुखविंदर सिंह 9वीं पास है। 33 वर्षीय सुहेल बीए पास है। आरोपी सुहेल के खिलाफ वर्ष 2018 में थाना सोहाना में मामला दर्ज है।