स्वाड़ा में हुए श्रीलंका के फर्जी टूर्नामेंट पर करोड़ों का ऑनलाइन सट्टा लगवाने के आरोपियों पंकज अरोड़ा और राजू कालिया को बुधवार को जमानत मिल गई। इसी के साथ मैच में श्रीलंका की ड्रेस पहनकर उतरे चार खिलाड़ियों की भी पहचान हो गई है। यह चारों चप्पड़चिड़ी के पास स्थित एक क्रिकेट एकेडमी के हैं। एकेडमी के मालिक का बयान भी दर्ज किया गया है।
सट्टा किंग रविंदर डंडीवाल के साथियों पंकज और राजू को पुलिस ने पांच दिन का रिमांड खत्म होने के बाद बुधवार को अदालत में पेश किया। यहां से उन्हें कोविड-19 के नियम के अनुसार जमानत पर रिहा कर दिया गया। दोनों को 80-80 हजार रुपये के निजी मुचलके पर जमानत मिली है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश हैं कि जिन धाराओं में 7 साल से कम सजा होने का प्रावधान है, ऐसे आरोपियों को निचली अदालत पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल न भेजकर जमानत पर रिहा करे।
इससे पहले चपड़चिड़ी की एक क्रिकेट एकेडमी मालिक रवि कुमार के अदालत में धारा-164 के तहत बयान दर्ज किए गए। रवि की क्रिकेट एकेडमी के ही चार खिलाड़ी फर्जी टी-20 मैच में खेले थे। अमर उजाला ने बुधवार को ही खुलासा कर दिया था कि ट्राइसिटी की कई क्रिकेट एकेडमी के खिलाड़ी डंडीवाल की ओर से आयोजित मैचों में खेलते रहे हैं।