मोहाली। लूट के इरादे से चार बदमाशों ने एक युवक पर तेजधार हथियारों समेत देसी कट्टे से हमला कर दिया है। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। जांच में सामने आया है कि घायल के सिर पर आठ टांके और हाथ और पीठ में गंभीर चोट आई है। इस पर घायल के कहने पर डाक्टर ने संबंधित थाना पुलिस को पूरी घटना की सूचना दी है।
घायल शिवम निवासी गांव बढ़माजरा ने बताया कि यह वारदात रविवार रात लगभग साढ़े 10 बजे हुई। जब वह अपने दोस्त अंकित के मामा के घर मदनपुर गया था। शिवम अपनी बाइक पर सवार था, तभी अचानक चार अज्ञात युवक वहां आ पहुंचे जिनके पास तलवार और देसी कट्टा जैसे घातक हथियार थे। चारों बदमाशों ने जेब से सभी सामान निकालने को कहा। उसने मना किया तो बिना किसी चेतावनी के उन्होंने शिवम पर हमला कर दिया। हमले में शिवम के सिर से खून बहने लगा और सिर पर चोट लगने के बाद वह वहीं सड़क पर गिर गया।
इसके बाद हमलावरों ने उसके पीठ और हाथ पर लाठी-डंडों से हमला करना चालू रखा। घायल की चीख सुनकर आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्काल हस्तक्षेप किया। इसके बाद आरोपी युवक मौके से भाग निकले। घटना के बाद पुलिस को सूचित किया गया और घायल युवक को फेज-6 सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।