शहर की सड़कों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए जिला पुलिस पूरी प्लानिंग से जुट गई है। इसके पहले चरण में पुलिस ने तय किया है कि फोर्टिस अस्पताल के बाहर सड़क पर अब गाड़ियां पार्क नहीं होंगी। इस संबंधी पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन को भी लिख दिया है।
साथ ही अस्पताल के साथ लगती खाली पड़ी साइट पर पार्किंग का इंतजाम किया गया है। वहीं, पुलिस ने तय किया है कि कोई यदि कोई भी व्यक्ति सड़क पर गाड़ी पार्क करता है तो पुलिस द्वारा चालान काटे जाएंगे। साथ ही लोगों को गाड़ी पार्क करने से रोकने के लिए पुलिस मुलाजिम भी तैनात रहेंगे।
इसके अलावा पुलिस ने अपनी मंडियों के दौरान सड़कों पर लगने वाले जाम से भी लोगों को राहत दिलाने की तैयारी में विशेष योजना बनाई है। इसके तहत सेक्टर-68 ग्राउंड में लगने वाली सब्जी मंडी अब ग्राउंड में थोड़ी पीछे करके लगाई जाएगी। ग्राउंड के अगले हिस्से को पार्किंग के लिए प्रयोग किया जाएगा।
वहीं, फेज-8 में लगने वाली मंडी को भी पुलिस ने वहां से शिफ्ट करने की योजना बनाई है। उक्त मंडी को अब पुडा भवन के सामने ग्राउंड में लगाया जाएगा। डीएसपी सिटी-2 नवरीत सिंह विर्क ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि शहर में ट्रैफिक की समस्या को सुलझाने के चलते ही यह कदम उठाया गया है।