कनाडा भेजने के नाम पर पांच लाख ठगे, केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। कनाडा भेजने का झांसा देकर कुंभड़ा निवासी एक व्यक्ति से पांच लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। इस मामले में बलौंगी पुलिस ने सेक्टर-71 निवासी हरजिंदर सिंह उर्फ हैरी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में बलविंदर सिंह निवासी कुंभड़ा ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उनकी मुलाकात हरजिंदर सिंह से हुई थी। हरजिंदर सिंह ने उन्हें बताया था कि वह मुंबई में एक कंपनी में काम करता है। वह उनके बेटे हरदीप को कनाडा भेज देगा। इसके लिए उन्हें 10 लाख रुपये पहले और 10 लाख रुपये हरदीप के कनाडा जाने के बाद देने होंगे। उसकी बात पर विश्वास करते हुए उन्होंने तीन किस्तों में 10 लाख रुपये अपने दो जानकारों के सामने दे दिए। तब दो माह में कनाडा भेजने की बात हुई थी। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद हरदीप को कनाडा नहीं भेजा। इसके बाद हरजिंदर मुंबई चला गया और उनका फोन तक उठाना बंद कर दिया। कुछ समय बाद उसने बलविंदर को मुंबई बुला लिया। यहां उसने काम नहीं होने की बात कहकर जल्द ही पैसे लौटाने की बात कही। इसके बाद मुंबई से लौटकर पांच लाख रुपये लौटा दिए। लेकिन बाकी पांच लाख रुपये नहीं लौटाए। इसके बाद परेशान होकर उन्होंने शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने जांच के बाद हरजिंदर के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। संवाद