खरड़। वीरवार को शहर की घनी आबादी में आर्य कालेज रोड पर देर रात एक ही मोहल्ले में युवकों के दो गुटों में हुई लड़ाई में एक युवक राकेश कुमार की हत्या हो गई थी। इस मामले में खरड़ सिटी पुलिस ने नामजद 8 आरोपियों में से 5 को गिरफ्तार कर लिया है।
खरड़ सिटी पुलिस के थानाध्यक्ष ने बताया कि गोपाल कृष्ण, माधव गुप्ता और सुमन शर्मा को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया था। इन तीनों आरोपियों को शनिवार को खरड़ अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर ले लिया है।
जबकि शनिवार को एक महिला किरण बाला और उसके पुत्र राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को कल खरड़ अदालत में पेश किया जाएगा। इस हत्याकांड में शामिल मुख्य अभियुक्त दीपांशु सिंगला उर्फ चीकू, माणक अग्रवाल और राजेश कुमार अभी फरार हैं। पुलिस इनकी तलाश में जुटी है।
बता दें कि युवकों के दोनों गुटों में यह झगड़ा हरिद्वार से कांवड़ लाने के बाद मंदिर में कौन पहले जलाभिषेक करेगा इस बात को लेकर हुआ था। इसी कारण दोनों गुटों में रंजिश पैदा हो गई थी। दोनों गुट सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को कमेंट्स कर चैलेंज कर रहे थे। इससे पहले भी दोनों गुटों में कई बार आपस में कहासुनी हो चुकी है।