मोहाली। फेज-एक स्थित बिजली विभाग के पॉवरग्रिड पर मंगलवार दोपहर उस समय अफरा तफरी मच गई, जब ट्रांसफार्मर में तेल लीक होने से अचानक आग लग गई। आग ने काफी एरिया को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर दमकल विभाग के तीन पानी और एक फोम के टैंकर की मदद से 45 मिनट में आग पर काबू पाया गया। किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। करीब दस रिहायशी और इंडस्ट्रियल फेजों समेत गांवों को घंटो बिना बिजली बिताने पड़े। रात आठ बजे तक भी बिजली बहाल नहीं हो पाई थी। बिजली विभाग के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर अश्वनी कुमार ने कहा कि अब लोड को दूसरे इलाके में शिफ्ट करके लाइट को बहाल किया जाएगा। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।
जानकारी के मुताबिक शाम करीब साढ़े चार बजे ग्रिड के एक ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी होने के बाद तेल की लीकेज होने लगी। इसके बाद इकट्ठा हुआ तेल गर्म तारों पर टपकने लगा और इससे भयंकर आग लग गई। आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही थी। इस हादसे का पता इसलिए नहीं चला, क्योंकि उस समय अधिकारी ग्रिड के अंदर दूसरी जगह चेकिंग करने गया हुआ था। जैसे ही आग लगने की सूचना मिली तो एकाएक आलाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचना शुरू हो गए, जिन्होंने ट्रांसफार्मर की सप्लाई बंद करते हुए अपने स्तर पर आग को बुझाने की भरपूर कोशिश की। लेकिन ट्रांसफार्मर से लीकेज होने वाले तेल की वजह से आग भड़कती ही चली गई। पूर्व पार्षद अशोक झा ने बताया कि तीन बजे की लाइट बंद हो गई थी। घरों में लगे इन्वर्टर तक जवाब दे गए। बच्चों और बुजुर्गों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। बिजली विभाग को इस दिशा में उचित कार्रवाई करनी होगी। याद रहे कि यह पहला मौका नहीं है, इस तरह की दिक्कत कुछ दिन पहले सेक्टर-80 में भी आई थी। वहां पर भी ग्रिड को काफी नुकसान पहुंचा था। साथ ही इलाके के लोगों को घंटों बिना लाइट के रहना पड़ा था।
इन एरिया में आई दिक्कत
फेज-एक स्थित पॉवरग्रिड के जिस ट्रांसफार्मर में आग लगने से बिजली सप्लाई बंद हुई हैं। इस वजह से मुख्यमंत्री भगवंत मान से लेकर पूर्व सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा के घरों की लाइट पर भी असर पड़ा। इनमें फेज-एक इंडस्ट्रियल एरिया, फेज-एक से चार का एरिया, गांव मोहाली, बलौंगी के अलावा अन्य सेक्टर्स शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों में अभी बिजली की सप्लाई पूरी तरह से बंद कर दी गई है और इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को दूसरे अन्य ग्रिडों की मदद से लाइट पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पीने वाले पानी की सप्लाई भी रही ठप
बिजली के ग्रिड से लाइट की सप्लाई बंद होने के बाद शाम को पानी की सप्लाई पर भी असर पड़ा। फेज-एक, दो, तीन चार समेत कई लोगों को दिक्कत उठानी पड़ी। सबसे ज्यादा मुश्किल टॉप फ्लोर में रहने वालों का आई। वहां तक पानी की सप्लाई बिल्कुल नहीं पहुंच रही थी। कई लोगों ने मजबूरी में बाजार से पानी खरीदकर काम चलाया। लोगों का कहना है कि रोजाना इस तरह की दिक्कत आ रही है। ऐसे में पावरकॉम को उचित कदम उठाने चाहिए।