लालड़ू। गांव मीरपुरा में सोमवार को तड़के बरवाला रोड पर एक टेंट हाउस में लगी भीषण आग से दो बड़ी दुकानों में रखा लाखों रुपये का टेंट का सामान जलकर राख हो गया। वहीं, इमारत भी आग में बुरी तरह जर्जर हो गई। डेराबस्सी से पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन जब तक सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारण का अभी पता नहीं लग पाया है।
दलबीर सिंह निवासी मीरपुरा का यहां गुरमीत सिंह फौजी की दुकानों में हरिकृष्ण टेंट हाउस के नाम से टेंट का काम है। दलवीर को सुबह 5 बजे लोगों ने आग लगने की सूचना दी। लोगोें ने कहा कि उन्होंने रात को 3 बजे भी दुकान से धुंआ उठता देखा था। दमकल विभाग डेराबस्सी ने सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दलबीर ने बताया कि उसका करीब आठ लाख का नुकसान हुआ है। 20 बाई 20 फीट जगह में एक हाल के अंदर सामान रखा हुआ था, जिसके तीन शटर लगे थे। लेकिन भयानक आग से शटर समेत अंदर का पूरा सामान जल गया। उन्होंने बताया कि मंगलवार को भी एक शादी की बुकिंग थी। इसके अलावा जितनी भी बुकिंग थी वह भी सब बेकार हो गई हैं।