एक पिता अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ डेढ़ साल तक दुष्कर्म करता रहा। विरोध करने पर वह उसे जान से मारने की धमकी देता था। पिता की हैवानियत इतनी बढ़ गई कि शारीरिक संबंध बनाने के लिए वह उसे मारने पीटने तक लगा। आखिरकार नाबालिग बेटी ने अपनी मां को सारी बात बताई।
बेटी के साथ हैवानियत की दास्तां सुनकर मां दंग रह गई और तत्काल पंचकूला के सिविल अस्पताल में मेडिकल के लिए नाबालिग बेटी को लेकर पहुंची। जहां उसका मेडिकल करवाया गया, जिसमें बलात्कार की पुष्टि हुई। इसके बाद पंचकूला पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर केस जीरकपुर पुलिस को ट्रांसफर कर दिया। इसके बाद जीरकपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
13 वर्षीय किशोरी अपनी मां के साथ कोठियों में साफ सफाई का काम करती है और चौथी कक्षा में पढ़ती है। बच्ची के परिवार में उसकी मां और दो भाई हैं। पीड़ित किशोरी का आरोप है कि उसका पिता डरा-धमका कर पिछले डेढ़ साल से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। बीते तीन नवंबर को उसकी मां काम पर गई हुई थी और वह घर में अकेली थी। इसी का फायदा उठाते हुए पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
साथ ही किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी और उससे मारपीट भी की। मां के आने पर किशोरी ने आपबीती बताई, जिसके बाद मां ने बेटी का मेडिकल करवाया। एसएचओ जीरकपुर इंस्पेक्टर गुरवंत सिंह ने बताया कि आरोपी पिता के खिलाफ धारा 376, 323, 506 आईपीसी व पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर करवाई की जा रही है। आरोपित पिता अभी फरार चल रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।