डीसी आफिस पर प्रदर्शन करते किसान। संवाद
मोहाली। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर गांव, तहसील और ब्लॉक स्तर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले जलाकर नारेबाजी की। डीसी कार्यालय के सामने भारतीय किसान यूनियन राजेवाल के राज्य सचिव परमदीप सिंह बैदवान और जिला अध्यक्ष किरपाल सिंह सियाओ की अगुवाई में प्रदर्शन किया गया।
बैदवान ने कहा कि अमेरिकी सहायक व्यापार प्रतिनिधि ब्रैंडन लिंच के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल भारत का चार दिवसीय दौरा पूरा करके 29 मार्च को लौटा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले अमेरिकी उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडाऊ ने भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री के साथ बातचीत की थी। पिछले महीने प्रधानमंत्री मोदी ने भी अमेरिका का दौरा कर इस समझौते पर चर्चा की थी। भारत के वाणिज्य मंत्री ने भी वाशिंगटन में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीन और वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक के साथ बैठक की है।
उन्होंने कहा कि भारत के वाणिज्य मंत्रालय ने 29 मार्च को एक बयान जारी कर कहा कि आने वाले हफ्तों में आगे की बातचीत होगी और समझौते के पहले दस्तावेज पर सितंबर-अक्टूबर 2025 तक हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसका लक्ष्य आपसी व्यापार को मौजूदा 190 अरब डॉलर से बढ़ाकर 2030 तक 500 अरब डॉलर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अमेरिका से गेहूं, मक्का, सोयाबीन, जौ, जई, चावल, मटर, कपास और तिलहन भारी मात्रा में भारतीय बाजार में भेजे जाएंगे। एक बार कृषि क्षेत्र नष्ट हो गया तो साम्राज्यवादी इन कृषि उत्पादों के लिए ऊंची कीमत मांगेंगे। इस तरह सार्वजनिक वितरण प्रणाली भी प्रभावित होगी। इसके अलावा खुदरा व्यापार पर भी बहुत बुरा असर पड़ेगा।