जीरकपुर। शहर में लगी रेहड़ी फड़ी जाम का कारण बन रही है। नगर परिषद की टीम एक तरफ शहर से अतिक्रमण हटा रही है, वहीं दूसरी तरफ सड़कों के किनारे रेहड़ी-फड़ी और खाने-पीने की दुकानें जमी हुई हैं। एक तरफ तो रोजाना रेहड़ी फड़ी हटाने के लिए सुबह से कार्रवाई शुरू कर दी जाती है। दूसरी तरफ शाम होते ही सड़कों के किनारे सब्जी और फलों की रेहड़ियां दोबारा सजनी शुरू हो जाती है।
नाभा साहिब से भबात को जाने वाले सड़क पर भी रोजाना शाम को दर्जनों रेहड़ियां लगी नजर आती हैं। बलटाना मेन मार्केट में भी शाम के समय सब्जी मंडी बनी होती है। इन जगहों से रेहड़ी फड़ी वालों को कई बार खदेड़ा जा चुका है लेकिन यह लोग दोबारा से उसी जगह पर अपनी दुकानें सजा लेते हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि शहर में रेहड़ी फड़ी व स्ट्रीट फूड के लिए चंडीगढ़, मोहाली व पंचकूला की तर्ज पर जगह अलॉट कर स्ट्रीट वेंडर पॉलिसी के तहत काम करना चाहिए ताकि लोग बिना किसी रुकावट के अपनी जरूरत का सामान खरीद सके और जाम आदि जैसी समस्याओं से भी बच सके।
नगर परिषद ने स्ट्रीट वेंडर पॉलिसी का टेंडर लगा दिया है। फिलहाल एनफोर्समेंट की टीम शहर के अलग-अलग भागों से सामान उठा रही है यदि पटियाला रोड पर दोबारा रेहडी फड़ी लग गई है तो कल ही एनफोर्समेंट विंग की टीम को भेजकर रेहड़ी-फड़ी वालों को वहां से हटा दिया जाएगा। - चरणपाल सिंह, एमई नगर परिषद जीरकपुर।