जीरकपुर। शहर में बिजली की समस्या बढ़ती जा रही है। बढ़ते बिजली संकट से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। बिना किसी पूर्व सूचना के रोजाना 10-12 घंटों के लंबे बिजली कट लगाए जा रहे हैं। इससे लोग रात भर जागकर रात गुजार रहे हैं।
बलटाना क्षेत्र में सोमवार की रात 11 बजे से बिजली की आंख-मिचोली चल रही है। बलटाना के पंजाब मॉडर्न कांप्लेक्स, हरमिलाप नगर फेज-1 और 2 के अलावा अन्य इलाकों में बिजली सप्लाई कल रात एक बजे बंद हो गई थी। इसके बाद रात भर बिजली सप्लाई ठप रही। इसके अलावा बिशनपुरा क्षेत्र में भी सोमवार से बिजली कटौती की जा रही थी।
पंजाब मॉडर्न कांप्लेक्स कॉलोनी के अध्यक्ष अरविंद राणा, पीजेएस चौहान, राजीव कुमार, सुनील कुमार, रामचंद्र, मोहन लाल, राम बहादुर और अन्य ने कहा कि वे बिना बिजली और पानी के अपना समय बिता रहे हैं। भीषण गर्मी में पानी और बिजली के बिना रहना बेहद मुश्किल है। उन्होंने विरोध किया कि पावरकॉम के हेल्पलाइन नंबर 1912 पर कल रात से कई शिकायतें दर्ज होने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पावरकॉम के जेई और एसडीओ फोन नहीं उठा रहे हैं। बार-बार फोन करने पर संबंधित लाइनमैन 1912 की शिकायत को टाल देते हैं। 1912 में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। बिजली की किल्लत से लोगों के घर के काम प्रभावित हो रहे हैं, जिससे शहरवासियों में भारी आक्रोश है। पावरकॉम के एक्सईएन एचएच ओबरॉय ने फोन नहीं उठाया।
हरमिलाप नगर में साढ़े 11 घंटे गुल रही बिजली
बलटाना के हरमिलाप नगर में रात 11 बजे बिजली सप्लाई बंद हो गई थी। इसके बाद बिजली सप्लाई सुबह साढे़ 10 बजे बहाल हुई। जब बिजली सप्लाई बहाल हुई उसके बाद भी बिजली की आंख-मिचोली जारी रही। जब बिजली सप्लाई बहाल हुई उसके बाद भी बिजली फूल फेस नहीं आई। हरमिलाप नगर के लोगों ने पावरकॉम के खिलाफ अपना रोष जाहिर करते हुए कहा कि इतनी गर्मी में बिना बिजली, पानी के रहना बेहद मुश्किल है, बार-बार शिकायत करने पर भी समस्या का हल नहीं किया जाता। स्थानीय निवासियों में आलोक सूद, किशोर गुलाटी, अनीस, रानी, अजमेर सिंह, महिपाल यादव, मोहन सिंह, अजीत आदि ने कहा कि लगातार लग रहे बिजली कटों से वह बहुत परेशान हो चुके हैं। पावरकॉम को इसका स्थायी हल करना चाहिए।
48 घंटे के ब्लैकआउट से नहीं सीखा कोई सबक
पिछले कुछ दिनों में शहर के पभात और गांव रामगढ़ भुड्डा में तेज हवाओं के कारण तीन टावर गिर गए थे। जिससे शहर में 48 घंटे ब्लैकआउट रहा था। उस समय पावरकॉम को काफी परेशानी हुई थी। मामला इतना बढ़ गया था कि बिजली मंत्री मौके पर पहुंचे और भविष्य में इस तरह की समस्या नहीं होने का दावा करते हुए तत्काल काम शुरू करने का निर्देश दिया। लेकिन इसके बावजूद पावरकॉम ने कोई सबक नहीं सीखा है और लंबे कट लगाए जा रहे हैं।
कोट्स
बलटाना के क्षेत्र में तकनीकी खराबी के कारण बिजली की समस्या आई थी, जिसे मंगलवार को दोपहर तक ठीक कर लिया गया है। कुछ इलाकों में फेस कम होने के कारण भी बिजली की वोल्टेज कम आई थी, उसे भी ठीक कर लिया गया है। -प्रदीप कुमार, एसडीओ, जीरकपुर।