खरड़। सालों से खरड़ बस स्टैंड के निकट चल रहा पंजाब बिजली निगम का दफ्तर बिना किसी सूचना के मोरिंडा रोड पर स्थित सब-डिवीजन दफ्तर में शिफ्ट कर दिया गया। इस कारण लोगों को परेशानी हुई। यही नहीं दफ्तर शिफ्ट करने का कोई नोटिस भी वहां नहीं लगा था। कई लोग यह समझकर लौट गए कि शायद आज छुट्टी है।
खरड़ शहरवासियों को अब बिजली के नए कनेक्शन के लिए, बिल ठीक करवाने के लिए, मीटर बदलवाने के लिए व अन्य सभी बिजली से संबंधित सभी कामों के लिये बस स्टैंड से लगभग तीन-चार किलोमीटर और आगे चल कर इस सब-डिवीजन में जाना होगा। चंडीगढ़ रोड व लांडरा रोड पर स्थित नई कालोनियों व सोसाइटियों के लिये बिजली निगम के इस नए दफतर से दूरी 12 से 15 किलोमीटर तक हो गई है।
दफ्तर पहुंचने के लिए हाईवे पर नहीं लगाया कोई बोर्ड
नए दफ्तर में पहुंचने के लिए नेशनल हाईवे पर कोई सूचना बोर्ड भी नहीं लगा है। मुख्य सड़क से 200 मीटर दूर यह दफ्तर पूरी तरह जंगल में बना है। खरड़, मोरिंडा, लुधियाना नैशनल हाइवे फोरलेन बनने के बाद अब बिजली निगम के इस दफ्तर तक पहुंचना अनजान व्यक्ति के लिए बेहद मुश्किल काम होगा क्योंकि वहां जाने के लिये लगभग दो किलोमीटर पहले ही नेशनल हाईवे पर न जाकर संपर्क रोड से निचली सड़क पर जाना होगा। अगर गलती से कोई व्यक्ति सीधा चला गया तो उसे दो किलोमीटर आगे जाकर नये बन रहे टोल प्लाजा से यूटर्न लेकर वापस आना होगा।
लोगो को सुविधाएं प्रदान करते हुए पंजाब बिजली निगम ने यहां नया एयरकंडीशंड ग्राहक सुविधा सेंटर बनाया है। सिंगल विंडो सिस्टम निगम ने यहां लागू करके लोगों की परेशानी को कम किया है। अब बिजली के नए कनेक्शन तथा अन्य कामों के लिए उपभोक्ताओं को फाइल लेकर इधर-उधर भागना नहीं पड़ेगा। वहीं खरड़ शहरी बिजली निगम के जेई का दफ्तर तथा बिजली के बिल जमा करने का कैश काऊंटर पुराने दफतर में पहले की तरह चलता रहेगा। दफ्तर बदलने का नोटिस जल्द ही पुराने दफ्तर के बाहर लगा दिया जाएगा। -केएस रंधावा, एक्सईएन, खरड़ बिजली निगम