जीरकपुर। पीरमुछल्ला में बरसाती पानी की निकासी न होने के कारण स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता हैं, जिनकी परेशानियों को दूर करते हुए स्थानीय प्रशासन की ओर से 40 लाख रुपये की लागत से ड्रेनेज लाइन बिछाने की परियोजना को मंजूरी दे दी है। यह जानकारी स्थानीय नगर परिषद प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों ने दी। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसका निर्माण कार्य पूरा कर लोगों को राहत दिलाई जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, पीरमुछल्ला को पंजाब सरकार की ओर से 2004 के अंदर पंचायत विभाग से मुक्त करके स्थानीय नगर परिषद में शामिल कर लिया गया और नगर परिषद अधीन शामिल होने के बाद यहां भारी संख्या में लोगों ने निवेश करते हुए अपने आशियाने बनाकर रहना शुरू कर दिया। इसका नतीजा है कि अकेले पीरमुछल्ला क्षेत्र की आबादी 50 हजार से अधिक है।
दूसरी ओर, पॉश क्षेत्र के नाम से मशहूर पीरमुछल्ला के अंदर रहने वाले लोग मूलभूत सुविधाओं के अभाव के चलते मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। आलम यह है कि क्षेत्र के अंदर बरसाती पानी की निकासी को लेकर प्रशासन की ओर से 15 वर्षों के दौरान पुख्ता प्रबंध नहीं किए गए, जिसकी वजह से बरसात का पानी सोसाइटी के अंदर तक दाखिल होकर वहां पड़े सामान को नुकसान पहुंचाता है।
भू-माफिया ने कुदरती रास्तों पर किए अवैध निर्माण
2004 के अंदर स्थानीय नगर परिषद में शामिल हुए गांव पीरमुछल्ला की सीमाएं पंचकूला सेक्टर-21 से सटी हैं। इसकी सीमाओं से प्रभावित होकर भू-माफिया से जुड़े लोगों ने यहां अंधाधुंध तरीके से कॉलोनियां और मल्टीस्टोरी अपार्टमेंट्स का विस्तार किया। खास बात यह रही कि भू-माफिया से जुड़े लोगों ने निजी फायदों के लिए क्षेत्र के अंदर बरसाती पानी की निकासी को लेकर कुदरती रास्तों पर अपने कब्जे जमा लिए। इसके बाद तत्कालीन अधिकारियों की मिलीभगत से यहां अंधाधुंध तरीके से अवैध निर्माण कार्यों को अंजाम देने का काम किया गया। दूसरी ओर, भू-माफिया ने निजी फायदों के लिए कुदरती रास्तों को तो बंद कर दिया, जिसका खामियाजा अब यहां रहने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। आज भी जब कभी बरसात होती है तो पीरमुछल्ला क्षेत्र के अंदर पानी एक नदी के तेज बहाव की तरह चलने लगता है।
कोट्स
पीरमुछल्ला क्षेत्र में बरसाती पानी की निकासी के प्रबंधों के लिए यहां ड्रेनेज लाइन प्रोजेक्ट को निकाय विभाग से मंजूरी दे दी गई है। इस पर करीब नगर परिषद द्वारा 40 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। ड्रेनेज लाइन का निर्माण कार्य पूरा होने के कारण क्षेत्रवासियों को बरसाती पानी की वजह से परेशान नहीं होना पड़ेगा।
-उदयवीर सिंह ढिल्लों, प्रधान, जीरकपुर नगर परिषद।