मोहाली। जिला अदालत के रिकार्ड रूम एक केस से संबंधित दस्तावेज गायब होने का मामला सामने आया है। इस मामले में सोहाना थाना पुलिस को तुरंत मामला दर्ज करने के निर्देश दिए थे। सोहाना पुलिस ने अब कार्रवाई कर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं, मामले की जांच शुरु कर दी है। यह मामला जिला विकास एवं पंचायत आफिसर नवदीप कौर की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
जिला विकास एवं पंचायत आफिसर लुधियाना-कम-कलेक्टर (पंचायत लैंड्स) मोहाली ने सोहाना पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा कि विलेज कॉमन लैंड्स (रेगुलेशन) एक्ट 1961 के तहत एक केस का फैसला 25 मार्च 2010 में हुआ था। इस मामले से संबंधित रिकार्ड फाइल में मौजूद थे। यह कोर्ट के रिकार्ड रूम से गायब है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में 26 मार्च 2025 को बरनाला के जिला विकास व पंचायत आफिसर अमरिंदर पाल सिंह ने शिकायत दी थी लेकिन पुलिस ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की।
उसके बाद नवदीप कौर ने हाईकोर्ट के संज्ञान में मामला डाला और कोर्ट ने सोहाना पुलिस को तुरंत मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। हाईकोर्ट ने निर्देश दिए कि रिकार्ड गुम होने संबंधी सोहाना पुलिस ने केवल डीडीआर दर्ज की थी लेकिन अभी तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई जिस कारण अदालत ने अवमानना के निर्देश जारी किए थे। उन्होंने इस केस का रिकार्ड गुम होने के कारण तुरंत बनता फौजदारी मुकद्दमा दर्ज किया जाए। अदालत के निर्देशों पर अब अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।