मोहाली। जिले में डेंगू बुखार का कहर अभी जारी है, इसके चलते रविवार को डेंगू से पीड़ित 39 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। सिविल सर्जन डॉ. आदर्शपाल कौर ने बताया कि डेंगू मच्छर का कहर अभी जारी है। इसलिए लोगों को घरों में सावधानियां पहले की तरह बरतते रहना है। उन्होंने कहा कि हो सके तो घरों की टंकी का ढक्कन बंद रखें और आसपास पानी जमा न होने दें। क्योंकि डेंगू का लारवा साफ पानी में पनपता है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार को सेहत विभाग की ओर से अलग-अलग अस्पतालों में दाखिल बुखार से पीड़ित 144 लोगों की जांच की गई, इनमें से 39 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। रविवार को आए 39 नए केसों के बाद जिले में अब कुल पीड़ित मरीजों का आंकड़ा 3260 हो गया है, जिनका इलाज डाक्टरों की देखरेख में चल रहा है। जिले में अभी तक 37 लोग डेंगू संदिग्ध बुखार के चलते अपनी जान गंवा चुके हैं। सिविल सर्जन ने कहा बदलते मौसम में घरों में रहने वाले अधिकतर लोग गर्मियों वाले कपड़े पहनकर रखते हैं तो ऐसे में पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े ही पहनें। क्योंकि बदलते मौसम के दौरान ही मच्छरों का आतंक बढ़ जाता है और आधी बाजू वाले कपड़े पहनने वाले लोग अक्सर ऐसे मच्छरों का शिकार बनकर बुखार से पीड़ित हो जाते हैं। इसके साथ ही मौसम के बदलते ही शरीर को पूरा ढकने वाले कपड़ों का इस्तेमाल करना चाहिए, जिससे मच्छर शरीर के किसी अंग पर काट न सकें।