एक पंजाबी फिल्म के प्रोड्यूसर का नाम प्रयोग करके लड़कियों को फोन करने व उन्हें फिल्मों में काम दिलाने और मॉडल बनने का ऑफर देने का मामला सामने आया है। आरोपी व्यक्ति लड़कियों को फिल्म इंडस्ट्री में सेटल करने का लालच देकर उनसे अश्लील तस्वीरें मंगवाता था। जैसे ही प्रोड्यूसर को इसकी भनक लगी, उसने तुरंत इस बारे में एसएसपी मोहाली को शिकायत दी।
इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ओबेद अफरीदी निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी मुताबिक गिरफ्तार किया गया आरोपी ओबेद अफरीदी खुद भी फिल्म लाइन में काम करता है। वह फोटोग्राफर बताया जा रहा है।
थाना फेज-एक के एसएसचओ लखविंदर सिंह ने बताया कि फेज-1 में गुनबीर सिंह की शिकायत पर ओबेद अफरीदी निवासी वेस्ट संत नगर नई दिल्ली के खिलाफ आईपीसी की धारा 419, 420 व इन्फॉरमेशन टेक्नोलॉजी एक्ट की धारा 66सी व 66डी के तहत केस दर्ज कर लिया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया तो उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
लड़कियों को पंजाबी फिल्मों व गानों में मॉडल बनाने का देता था झांसा
जानकारी के मुताबिक गुनबीर सिंह निवासी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8बी मोहाली ने एसएसपी मोहाली को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में उसने बताया कि वह पंजाबी फिल्म प्रोड्यूसर व व्हाइट हिल्स स्टूडियो कंपनी का मालिक है।
उसे पता चला कि कुछ दिनों से विभिन्न मोबाइल नंबरों से कोई व्यक्ति मॉडल लड़कियों को उसका (गुनबीर सिंह) नाम प्रयोग करके फोन कर रहा था। वह लड़कियों को फिल्मों व गीतों में मॉडल के तौर पर सेटल करवाने का लालच देकर उनकी अशलील अंदाज में फोटोग्राफ मंगवा रहा था। उसने पुलिस को वे मोबाइल नंबर भी दिए जिनसे वह लड़कियों को फोन करता था। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।