कार चालक पर मामला दर्ज, पोस्टमार्टम के बाद शव संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
खरड़। खरड़-लांडरां रोड पर एक कार ने डिलिवरी बॉय की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में डिलिवरी बॉय बुरी तरह से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए खरड़ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देख उसे पीजीआई रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान विक्रम सिंह के रूप में हुई है, जो गुरु नानक एनक्लेव गांव दांऊ साहिब में रहता था। विक्रम मूलरूप से फाजिल्का का रहने वाला था। पुलिस ने मामले में विक्रम के साले अमनदीप सिंह निवासी सेक्टर-115 खरड़ के बयान पर कार चालक राकेश कुमार निवासी गांव जुझार नगर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी कार चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा शव संस्कार के लिए परिजनों को दे दिया है।
अमनदीप सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि 19 दिसंबर को वह अपने मोटरसाइकिल पर अपने काम के लिए लांडरां से खरड़ को जा रहा था। रास्ते में उसका जीजा विक्रम सिंह फूड डिलिवरी का ऑर्डर देकर अपनी मोटरसाइकिल से खरड़ वापस आ रहा था। उसका जीजा विक्रम सिंह जब लांडरां रोड पर पहुंचा तो दूसरी तरफ से आ रही कार ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में विक्रम सिंह बुरी तरह से घायल हो गया। वह उसे राहगीरों की मदद से खरड़ सिविल अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।