मोहाली। कोरोना महामारी के चलते लगे कर्फ्यू में वाहनों की काफी कम होने से कई जंगली जानवर आराम से शहरी एरिया में घूम रहे हैं। लेकिन कर्फ्यू में ढील के बाद अब गाड़ियों की आवाजाही बढ़ी है।
रविवार को फेज-9 में सड़क पार करते एक हिरण किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। जैसे ही यह मामला विद्यार्थी जागृति मंच के ध्यान में आया तो उन्होंने तुरंत नगर निगम के अधिकारियों को सूचित किया। निगम के अधिकारियों ने बताया कि उनकी टीम सोमवार को सुबह आएगी। जिसके बाद आगे की प्रक्रिया की जाएगी। हालांकि मृत हिरण को कुत्ते या अन्य जानवर नुकसान न पहुंचाएं, उन्होंने उसकी बॉडी को कवर कर दिया है।
वहीं, मंच का कहना है कि अगर कोई इंतजाम नहीं हुआ तो उसे वह खुद दफनाएंगे।
इस बारे में मंच के चेयरमैन रमेश वर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी के चलते लगे कर्फ्यू में उनकी टीम देर शाम शहर में निकलती है। इस दौरान बेजुबान जानवरों को चारा, कुत्तों को बिस्कुट और रोटी का इंतजाम करती है। रविवार शाम को जब उनकी टीम फेज-9 पेट्रोल पंप के सामने बने बाथरूम के पास पहुंची तो उनकी नजर मृत हिरण पर पड़ी। उन्होंने देखा कि हिरण के पेट पर जख्मों के निशान थे। ऐसे लग रहा था कि उसे सड़क पार करते समय किसी तेज रफ्तार वाहन ने हिट कर दिया था। इसके बाद वह किसी तरह सड़क पार कर बाथरूम के पास पहुंचा था। वहीं, उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि यह पहला मौका है, जब किसी हिरण की इस तरह मौत हुई है। इस मौके मंच के प्रेसीडेंट अमनदीप सिंह मुंडी, विशाल मंडल, राजेश वर्मा, युग शर्मा, अमित ठाकुर, आशुतोष राय, गुरप्रीत सिंह आदि मौजूद थे।